भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

सेंट्रल जेल में बंदी छात्र की मौत, इलाज में लापरवाही के आरोप पर गरमाया माहौल

सेंट्रल जेल में बंदी छात्र की मौत, इलाज में लापरवाही के आरोप पर गरमाया माहौल

भोपाल, यशभारत। सेंट्रल जेल में निरुद्ध 21 वर्षीय छात्र हर्षित राजपूत की गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने जेल प्रशासन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं, वहीं मामले में विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई है। न्यायिक अभिरक्षा में हुई मौत के चलते पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और प्रकरण की न्यायिक जांच की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, ईश्वर नगर निवासी हर्षित राजपूत बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र था। शाहपुरा थाना पुलिस ने सितंबर में मारपीट के एक प्रकरण में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। परिजनों का आरोप है कि हर्षित पिछले दो माह से निमोनिया से पीड़ित था और जेल में रहते हुए उसकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार लिखित आवेदन देकर उसे अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की, लेकिन समय पर समुचित उपचार नहीं मिल सका। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जेल प्रशासन की ओर से न्यायालय को उसकी तबीयत ठीक होने की जानकारी दी गई। बताया गया है कि बुधवार शाम हालत अत्यधिक गंभीर होने पर उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के मुताबिक लाते समय उसके फेफड़े काम करना बंद कर चुके थे। गुरुवार रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मृतक के पिता गोदाम में काम करते हैं और परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई व एक बहन हैं। इस घटना के बाद करणी सेना के संभाग अध्यक्ष एवं मृतक के पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान ने जेल प्रशासन पर आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि शुक्रवार तक कथित लापरवाही के मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो पोस्टमार्टम के बाद शव रखकर जेल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।

दूसरी ओर, जेल अधीक्षक मानवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि जेल में बंदी को उल्टी-दस्त की शिकायत थी, जिसका लगातार उपचार किया जा रहा था और न्यायालय को भी इसकी सूचना दी गई थी। उन्होंने कहा कि यह न्यायिक अभिरक्षा में मौत का मामला है, इसलिए नियमानुसार न्यायिक जांच होगी। पुलिस द्वारा मर्ग कायम किए जाने के बाद अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button