भोपालमध्यप्रदेश

त्विषा शर्मा मामला: सीबीआई के 60 दिन के आवेदन पर कोर्ट की सख्ती, 90 दिन की जांच का ब्योरा तलब

त्विषा शर्मा मामला: सीबीआई के 60 दिन के आवेदन पर कोर्ट की सख्ती, 90 दिन की जांच का ब्योरा तलब

भोपाल, यशभारत। त्विषा शर्मा मौत प्रकरण में केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा आगे की जांच के लिए अतिरिक्त समय मांगे जाने पर भोपाल की जिला एवं सत्र अदालत ने एजेंसी से बीते 90 दिनों की कार्रवाई का पूरा हिसाब मांग लिया है। गुरुवार को मामले की सुनवाई अतिरिक्त जिला न्यायाधीश पल्लवी द्विवेदी की अदालत में हुई।

अदालत में सीबीआई की ओर से आगे की जांच पूरी करने के लिए 60 दिन का अतिरिक्त समय देने का आवेदन पेश किया गया। त्विषा के माता-पिता की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता ने बताया कि एजेंसी ने जांच के दायरे और तकनीकी पड़ताल का हवाला देते हुए मोहलत मांगी है, जिस पर अदालत ने पहले पिछले 90 दिनों के दौरान की गई जांच का विवरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

सीबीआई के आवेदन के मुताबिक, एजेंसी ने 18 अगस्त 2026 को मामले में चार्जशीट दाखिल की थी और आगे की जांच जारी रखने के लिए समय मांगा था, जिसे अदालत ने मंजूरी दी थी। वर्तमान में त्विषा के घर के डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर और सीसीटीवी फुटेज की फोरेंसिक जांच लंबित है। इस जांच से फुटेज की निरंतरता की पुष्टि की जाएगी और संभावित छेड़छाड़ के पहलुओं को परखा जाएगा। इसके अतिरिक्त, त्विषा के आईफोन से डेटा निकालने के लिए दिल्ली स्थित केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट का इंतजार है। जांच एजेंसी का मानना है कि फोरेंसिक व तकनीकी निष्कर्ष सामने आने के बाद जुड़े तथ्यों की पड़ताल आगे बढ़ सकेगी।

दूसरी ओर, इस मामले में आरोपी गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह की ओर से सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भोपाल जेल में अलग-अलग सेल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर 14 नवंबर को आवेदन दिया गया था। अधिवक्ता के अनुसार, इस अर्जी पर जेलर ने अदालत में रिपोर्ट पेश कर दी है, जिसमें बताया गया है कि जेल मैनुअल के अनुसार दोनों के लिए व्यवस्था की गई है। गौरतलब है कि 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में त्विषा शर्मा की मौत हो गई थी और इस प्रकरण की जांच सीबीआई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button