शराब की बोतल और कार की छत पर डांस, भोपाल की सड़कों पर हुड़दंगियों को किसका डर?, देखें वीडियों

शराब की बोतल और कार की छत पर डांस, भोपाल की सड़कों पर हुड़दंगियों को किसका डर?, देखें वीडियों
भोपाल,यश भारत। राजधानी में एक बार फिर सड़क सुरक्षा और कानून के इकबाल को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक युवक चलती सड़क पर कार की छत पर चढ़कर डांस करता और हाथ में शराब की बोतल लहराता दिखाई दे रहा है। यह घटना केवल एक वायरल स्टंट नहीं है, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
व्यस्त या सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह की हरकत से न केवल स्टंट करने वाले युवक की जान खतरे में है, बल्कि आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। नशे या लापरवाही के आलम में की जाने वाली ऐसी स्टंटबाजी कई बार गंभीर सड़क हादसों की वजह बनती है, जिसका खामियाजा बेकसूर लोगों को भुगतना पड़ता है।
स्थानीय लोगों और जागरूक नागरिकों का मानना है कि ऐसे मामलों में सख्त और त्वरित कार्रवाई न होने से मनचलों और हुड़दंगियों के हौसले बुलंद होते हैं। अब सभी की नजरें भोपाल ट्रैफिक पुलिस पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो के आधार पर कार और युवक की शिनाख्त कर क्या कठोर कदम उठाए जाते हैं, ताकि भविष्य में कोई भी सड़क को स्टंट जोन बनाने की जुर्रत न कर सके।







