प्रतिबंध के बावजूद भोपाल से रायपुर भेजी जा रही थी पनीर की खेप, अंतरराज्यीय सप्लाई चेन पर उठे सवाल

प्रतिबंध के बावजूद भोपाल से रायपुर भेजी जा रही थी पनीर की खेप, अंतरराज्यीय सप्लाई चेन पर उठे सवाल
भोपाल, यशभारत। छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर के उत्पादन और बिक्री पर प्रतिबंध के बीच अंतरराज्यीय परिवहन निगरानी और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता जांच पर सवाल खड़े हो गए हैं। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के साल्हेवारा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने भोपाल से रायपुर जा रहे 15 क्विंटल संदिग्ध एनालॉग पनीर से लदे डीआई वाहन को जब्त किया। चालक के बयान ने इस सप्लाई के पहले भी होने की ओर इशारा किया है, जिससे दोनों राज्यों के बीच होने वाली खेपों की निगरानी को लेकर जांच की मांग तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, वाहन (क्रमांक एमपी 04 डब्ल्यू सी 8386) भोपाल के कालापानी स्थित द माखन डेयरी से 50-50 किलो के 30 बॉक्स में भरकर पनीर रायपुर के भाटागांव स्थित श्री बालाजी इंटरप्राइजेज ले जा रहा था। साल्हेवारा थाने के सामने रूटीन पुलिस चेकपोस्ट पर जांच के दौरान वाहन रोका गया और बड़ी मात्रा में पनीर मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन को सूचना दी गई। इसके बाद वाहन को खैरागढ़ जिला मुख्यालय लाया गया।
जांच के दौरान पनीर के बॉक्स पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं पाई गई, साथ ही वाहन चालक शिशुपाल मीणा मौके पर पनीर से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह पहले भी दो से तीन बार इसी फर्म को पनीर पहुंचा चुका है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर इसे एनालॉग पनीर मानते हुए विधिक नमूना लिया गया है तथा वाहन और 15 क्विंटल पनीर को जब्त कर लिया गया है। उनके अनुसार, सैंपल जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पनीर नष्ट किया जाएगा। अब यह देखना अहम होगा कि अंतरराज्यीय स्तर पर हो रही इस सप्लाई की कड़ी में शामिल फर्मों और परिवहन व्यवस्था को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।







