गौ मांस को टैक्स फ्री करने के विरोध में कांग्रेस नेता ने गुरुदेव को भेंट किया ‘गौस्मृति चिह्न’

गौ मांस को टैक्स फ्री करने के विरोध में कांग्रेस नेता ने गुरुदेव को भेंट किया ‘गौस्मृति चिह्न’
भोपाल,यशभारत । मध्यप्रदेश सरकार द्वारा गौवंशीय पशुओं के मांस (ताजा या ठंडा) को जीएसटी मुक्त (जीरो प्रतिशत टैक्स) करने के फैसले पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। गौ रक्षा का दावा करने वाली भाजपा सरकार के इस फैसले को गौ हत्या को बढ़ावा देने वाला बताते हुए, कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने नेहरू नगर स्थित करुणाधाम आश्रम पहुंचकर विरोध दर्ज कराया।
शुक्ला ने आश्रम के पीठाधीश्वर परम पूज्य गुरुदेव पं. सुदेश शांडिल्य महाराज को “गौ रक्षा कौन करेगा” स्टीकर लिखा हुआ एक गौस्मृति चिह्न भेंट किया। उन्होंने महाराज से सरकार के इस चौंकाने वाले फैसले पर समाज में जन जागृति लाने और सरकार को गौ हत्या रोकने के लिए उचित मार्गदर्शन देने का आग्रह किया।

”गौ मांस को टैक्स फ्री करना सरकार की सोच को दिखाता है”
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने गुरुदेव से चर्चा करते हुए कहा, “राज्य सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर गायों के मांस पर जीएसटी शून्य कर दिया है। जिस प्रोडक्ट को ज्यादा बेचना होता है, उस पर छूट दी जाती है। यह सरकार की सोच को दिखाता है। जो सरकार गाय की रक्षा की बड़ी-बड़ी बातें करती है, आज वही गौ हत्या और गौ मांस को बढ़ावा दे रही है।”
शुक्ला ने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में पुष्पा नगर में गौ मांस मिलने के बावजूद, भाजपा के स्थानीय जन प्रतिनिधियों के संरक्षण के कारण पुलिस कोई बड़ी कार्यवाही करने में कतरा रही है।
गुरुदेव का संदेश: “गौ वंश को पशु की श्रेणी से हटाया जाए”
करुणाधाम आश्रम के पीठाधीश्वर परम पूज्य गुरुदेव पं. सुदेश शांडिल्य महाराज ने इस गंभीर मुद्दे पर अपना संदेश देते हुए कहा, “गौ माता पर जो भी अत्याचार करता है, वह शासन-प्रशासन से भले ही बच जाए, लेकिन ईश्वर से वह नहीं बच सकता।”
उन्होंने जीएसटी की दर (0% या 10%) पर बात न करते हुए सीधे सरकार से गौ वंश को ‘पशु’ की श्रेणी से हटाने का निवेदन किया। महाराज जी ने स्पष्ट किया कि जब तक गौ वंश को पशु की श्रेणी से नहीं हटाया जाएगा, तब तक गौ माता का वध रोकना नामुमकिन सा है।






