एयरपोर्ट रोड स्थित वीर विला रिसॉर्ट पर आबकारी विभाग की दबिश, संचालक पर केस दर्ज

एयरपोर्ट रोड स्थित वीर विला रिसॉर्ट पर आबकारी विभाग की दबिश, संचालक पर केस दर्ज
भोपाल, यशभारत। राजधानी में अवैध रूप से शराब परोसने और मदिरापान कराने वाले होटल, ढाबा और रिसॉर्ट संचालकों के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में गुरुवार देर रात आबकारी विभाग की टीम ने एयरपोर्ट रोड स्थित वीर विला रिसॉर्ट पर दबिश देकर अवैध शराब जब्त की है।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश पर उपायुक्त आबकारी संभाग के.सी. अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन एवं कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। दबिश के दौरान टीम ने रिसॉर्ट संचालक निलेश देवानी के कब्जे से 6.75 बल्क लीटर विदेशी मदिरा और 4 बल्क लीटर बियर बरामद की। जब्त की गई शराब की कुल कीमत 21 हजार रुपये आंकी गई है।
आबकारी विभाग ने मौके पर मौजूद अवैध रूप से मदिरापान करने वालों और रिसॉर्ट संचालक निलेश देवानी के विरुद्ध म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 36A/B के तहत विधिवत प्रकरण दर्ज किया है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना अनुमति या देर रात तक अवैध रूप से शराब पिलाने वाले प्रतिष्ठानों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त दबिश जारी रहेगी।






