पुराने कुएं में गिरा जंगली सूअर, वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

कटनी/पन्ना, यशभारत। दक्षिण पन्ना वनमंडल के वन अमले ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक जंगली सूअर को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई। सलेहा वन परिक्षेत्र अंतर्गत सलेहा बीट के ग्राम बिरहा के राजस्व क्षेत्र में स्थित एक पुराने कच्चे कुएं में जंगली सूअर गिर गया था। कुएं में वन्यजीव के फंसे होने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वनकर्मियों ने पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ रेस्क्यू की प्रक्रिया पूरी की। काफी मशक्कत के बाद जंगली सूअर को बिना किसी नुकसान के कुएं से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से जंगल की ओर छोड़ दिया गया। वन विभाग की इस तत्परता से एक वन्यजीव को नया जीवन मिला। इस रेस्क्यू अभियान में परिक्षेत्र सहायक सलेहा बालस्वरूप दहायत सहित वनकर्मी बिहारी यादव, मथुरा प्रसाद, महेंद्र अग्रहरि, उदय सिंह सिंगरौल, उमादत्त द्विवेदी, कुलदीप सिंह, रजनीश चौधरी, प्रीति दुबे एवं सुरक्षा श्रमिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दक्षिण पन्ना वनमंडल द्वारा वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।







