कटनी

विजयराघवगढ़ पुलिस ने दबोचा गांजा तस्कर, बोरी में मिला 4 किलो गांजा, एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज

कटनी, यशभारत। जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने एक व्यक्ति को 4 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 अक्टूबर की रात विजयराघवगढ़ पुलिस की गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम हिनौता में महानदी के नवीन पुल के पास एक व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक की बोरी लिए संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया लेकिन वह पुलिस वाहन देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान उत्तम पारधी 42 वर्ष निवासी ग्राम खिरहनी के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास मौजूद प्लास्टिक की बोरी की जांच करने पर उसमें अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 किलो गांजा जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई में विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक जयराम साकेत और आरक्षक नीतेश सिंह की मुख्य भूमिका रही।
बरही पुलिस ने भी कार्रवाई
बरही पुलिस ने 6 किलो 20 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गांजे की कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। जानकारी के मुताबिक बरही पुलिस कस्बा भ्रमण के दौरान रेलवे स्टेशन खन्ना बंजारी और खितौली रोड की ओर जा रही थी। इसी दौरान रेलवे पुलिया के नीचे पहचान पारधी 25 वर्ष निवासी ग्राम खिरहनी पारधी मोहल्ला को हिरासत में लेकर 6 किलो 20 ग्राम जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

20

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button