आईपीएल को अलविदा कहेंगे धोनी, कप्तानी में पांच बार टीम को बनाया चैंपियन
चेन्नई सुपर किंग्स ने सौंपी नई जिम्मेदारी

जबलपुर,यशभारत। महान कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी अब आईपीएल में खिलाड़ी के रूप में नजर नहीं आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें टीम का मेंटर बनाए जाने की जानकारी दी है। फ्रेंचाइजी के मुताबिक, धोनी अब टीम की अगली पीढ़ी को तैयार करने और अपने अनुभव से खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने की जिम्मेदारी संभालेंगे।धोनी आईपीएल के पहले सीजन 2008 से ही चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में पांच बार आईपीएल खिताब जीता। उनके नेतृत्व में चेन्नई ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया और धोनी आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हुए। धोनी ने अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था, लेकिन आईपीएल में खेलना जारी रखा। अब खिलाड़ी के रूप में उनके सफर के बाद चेन्नई के साथ उनका नया अध्याय शुरू होगा। फ्रेंचाइजी ने उन्हें शुरुआत से टीम का हिस्सा बताते हुए कहा कि चेन्नई हमेशा उनका घर रहेगा







