घरों में सजेंगे मंडप, धूमधाम से होगा तुलसी-शालिग्राम का विवाह, देवउठनी एकादशी पर रोशनी से जगमग होगा आंगन, योग निद्रा से जागेंगे जगत के पालनहार, देवउठनी एकादशी पर खरीददारी के लिए बाजारों में भीड़

कटनी, यशभारत। देवउठनी एकादशी के अवसर शहर का बाजार एक बार फिर गुलजार नजर आ रहा है। पर्व को लेकर सुुबह से ही बाजारों में खासी चहल-पहल देखी जा रही है और यहां जमकर खरीददारी हो रही है। 4 माह की योग निद्रा से भगवान श्री हरि विष्णु के जागृत होने का पर्व देवउठनी एकादशी आज धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज रात गन्ने के मंडप के नीचे तुलसी-शालिग्राम का विवाह होगा। इसी के साथ मांगलिक कार्यों पर लगा विराम हट जाएगा और विवाह शुरू हो जाएंगे। छोटी दीवाली के रूप में मनाए जाने वाले इस पर्व का अपना अलग महत्व है। एक बार फिर सारा घर आंगन दीपकों की जगमग रोशनी से जगमगा उठेगा। देवउठनी एकादशी को प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। एकादशी तिथि आज 20 नवंबर को सुबह 7.15 बजे शुरू हुई और 21 नवंबर को सुबह 6.31 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर 20 नवंबर को व्रत रखा गया है।
इस बार एकादशी पर रवि योग का संयोग
इस बार एकादशी पर रवि योग का संयोग बन रहा है। इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं और चार माह के विश्राम के बाद एक बार शहनाइयां बजना शुरू हो जायेंगीं। ज्योतिषाचार्य पंडित लोकेश व्यास ने बताया कि देवउठनी एकादशी का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागकर सृष्टि के संचालन का दायित्व संभालते हैं। श्रद्धालु इस अवसर पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। कई स्थानों पर तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाता है।
क्या है मान्यता
मान्यता है कि देवता चार माह के शयन के बाद एकादशी से जागते हैं और उनकी उपस्थिति में ही ग्यारस से शुभ कार्यों की शुरूआत होती है। हिन्दू धर्म में कार्तिक शुक्ल पक्ष की ग्यारस का विशेष महत्व है। मान्यता है कि अयोध्या में भगवान राम के वन जाने के बाद घरों में 14 वर्ष तक कोई मांगलिक कार्य नहीं हुये थे। भगवान श्रीराम के वापस लौटने के बाद अयोध्यावासियों ने दिये जलाकर उनका स्वागत किया था तथा दस दिनों तक चले उत्सव का समापन ग्यारस को माता तुलसी और शालिगराम के विवाह के साथ हुआ था। कार्तिक शुक्ल एकादशी के अवसर पर तुलसी पूजन का उत्सव मनाया जाता है।







