ऑटो की किस्त चुकाने बैंक में चोरी का प्रयास, कुठला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। ऑटो की किस्त चुकाने में परेशानी के चलते बैंक में चोरी करने की योजना बनाने वाले 21 वर्षीय युवक को कुठला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पन्ना मोड़ स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य गेट का ताला तोडक़र चोरी का प्रयास किया था लेकिन बैंक से कोई सामान चोरी नहीं हो सका। पुलिस के अनुसार 22 सितंबर की रात करीब 2.34 बजे क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर के सुरक्षा अधिकारी ने बैंक प्रबंधन को फोन कर सूचना दी कि एक अज्ञात व्यक्ति बैंक के मेन गेट का ताला तोडऩे का प्रयास कर रहा है। सुबह बैंक पहुंचने पर मुख्य ताले पर भारी वस्तु से तोड़े जाने के निशान मिले। बैंक के अंदर जांच करने पर किसी प्रकार की चोरी नहीं मिली। शाखा प्रबंधक विनीत सोलंकी की रिपोर्ट पर कुठला थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस ने गंगाराम चौधरी पिता बृजलाल चौधरी निवासी घंघरीकला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बैंक में चोरी का प्रयास करना स्वीकार किया। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि ऑटो की किस्त नहीं चुका पाने के कारण उसने बैंक में चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पेचकस और एक छोटी आरी बरामद कर जब्त की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।






