भोपाल की जगह अब जबलपुर में होगा कांग्रेस का ‘संविधान रक्षा मार्च’

जबलपुर। संविधान दिवस (26 नवंबर) के अवसर पर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रस्तावित कांग्रेस पार्टी का आंदोलन ‘संविधान रक्षा मार्च’ अब जबलपुर में आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी के अनुसार, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, ‘वोट चोरी’ और चुनाव आयोग द्वारा कराई जा रही मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) प्रक्रिया के विरोध में यह कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा।
कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष संजय यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 22 नवंबर को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में कार्यक्रम के समन्वयक सज्जन सिंह वर्मा की मौजूदगी में सभी प्रमुख निर्णय लिए जाएंगे। बैठक में जिले के सभी विधायक, पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधि और प्रमुख पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे, जहां पूरे कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस ‘संविधान रक्षा मार्च’ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष तथा वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, अभी यह तय नहीं हो पाया है कि यह आयोजन एक सभा के रूप में होगा या फिर रैली और मार्च निकाला जाएगा। यदि रैली निकाली जाती है, तो उसका मार्ग क्या होगा और वह कहां से शुरू होकर कहां समाप्त होगी, इसका निर्धारण भी 22 नवंबर की बैठक में ही किया जाएगा।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने बताया कि भोपाल में प्रस्तावित ‘संविधान रक्षा मार्च’ कार्यक्रम अब जबलपुर शिफ्ट हो गया है और यह सुबह 11बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां चल रही हैं और इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।







