फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों के टिकट जांच रहा था युवक, रेल सुरक्षा बल ने दबोचा, रात में यात्रियों को नींद से जगाकर दे रहा था अगले स्टेशन पर उतारने की धमकी

जबलपुर यशभारत।चलती ट्रेन में फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों के टिकट जांचने और उन्हें धमकाने का मामला सामने आया है। रेल सुरक्षा बल के जवानों की सतर्कता से एक ऐसे ही संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस के सुपुर्द किया गया।
इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि गाड़ी संख्या 15018 में जबलपुर से इटारसी तक यात्रियों की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए तैनात एस्कॉर्ट दल के प्रधान आरक्षक राजवीर एवं आरक्षक मुकेश कुमार रात्रिकालीन गश्त कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 2:10 बजे पीपीआई स्टेशन के समीप यात्रियों से सूचना मिली कि सामान्य कोच में एक व्यक्ति स्वयं को टीटीई बताकर टिकटों की जांच कर रहा है।
सूचना मिलते ही दोनों जवान तत्काल संबंधित कोच में पहुंचे और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अनिल कुमार महोबिया के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास न तो रेलवे का कोई पहचान पत्र मिला और न ही ड्यूटी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज। पूछताछ में उसने करेली स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर यात्रियों के टिकट जांचना स्वीकार किया।
जवानों ने यात्रियों से भी पूछताछ की। इस दौरान यात्रियों ने बताया कि उक्त व्यक्ति उन्हें नींद से जगाकर टिकट मांग रहा था। टिकट नहीं दिखाने पर अगले स्टेशन पर उतारने की धमकी भी दे रहा था। समय रहते जवानों की कार्रवाई से यात्रियों को संभावित ठगी और अवैध वसूली से बचाया जा सका।
मामले की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर संदिग्ध को इटारसी में रेल सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस के समक्ष पेश किया गया। क्षेत्राधिकार संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे गाडरवारा राजकीय रेल पुलिस थाने के प्रभारी एलपी झारिया के सुपुर्द किया गया, जहां उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जानी है।
सतर्कता पर पुरस्कार की अनुशंसा
रात्रिकालीन गश्त के दौरान यात्रियों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए फर्जी टीटीई की पहचान करने और उसे पकड़ने पर प्रधान आरक्षक राजवीर एवं आरक्षक मुकेश कुमार की सराहना की गई है। दोनों जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, सूझबूझ और सतर्कता को देखते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की अनुशंसा के साथ वरिष्ठ अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा गया है।







