ननि की चेतावनी: फायर एनओसी न लेने पर सील होंगे परिसर, सभी सरकारी संस्थानों को भी नोटिस

सागर, यशभारत l जिले में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और नगर निगम ने सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। आम नागरिकों की भारी आवाजाही वाले सभी संस्थानों, अस्पतालों, बाजारों और सिनेमाघरों में अग्निशमन व्यवस्था (फायर सेफ्टी सिस्टम) को अनिवार्य कर दिया गया है। नगर निगम के फायर ऑफिसर संजय तिवारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन भवनों और परिसरों में फायर एनओसी अनिवार्य है, उन सभी को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। यदि तय समय पर एनओसी नहीं ली गई, तो संबंधितों के खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा और जुर्माना न भरने पर भवन या परिसर को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
बीएमसी डीन से बात कर दूर करेंगे कमी
सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) जैसे संवेदनशील संस्थान में फायर सेफ्टी सिस्टम न होने के सवाल पर प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता दिखाई गई है। इस संबंध में जल्द ही बीएमसी के डीन से चर्चा कर मेडिकल कॉलेज में अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन ने यह भी आश्वस्त किया है कि किसी भी महत्वपूर्ण संस्थान में व्यवस्था न होने की जानकारी संज्ञान में आते ही वहाँ तत्काल फायर सिस्टम लगवाया जाएगा।
चालू हालत में हों उपकरण, स्टाफ को मिले प्रशिक्षण
प्रशासन का कहना है कि फायर सेफ्टी उपकरण मौजूद होने से आग लगने की स्थिति में क्षति का जोखिम काफी कम हो जाता है और समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पाकर जान-माल की बड़ी हानि को रोका जा सकता है। हालांकि, इस बात पर विशेष जोर दिया गया है कि उपकरण केवल लगे होने के बजाय पूरी तरह चालू (ऑपरेशनल) हालत में होने चाहिए और संस्थान के कर्मचारियों को इन्हें चलाने व हैंडल करने में दक्ष होना आवश्यक है।
नगरीय क्षेत्र के संवेदनशील प्रतिष्ठानों, सरकारी भवनों और अस्पतालों की सुरक्षा परखने के लिए एक विशेष दल गठित कर जाँच कराने का निर्णय लिया गया है। बड़ी व्यावसायिक या सार्वजनिक इमारतों में संपूर्ण ‘फायर प्लान’ के तहत पूरा सेटअप होना आवश्यक बताया गया है, जिसमें एक कंट्रोल रूम, सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल सिस्टम और पाइपों का चैनलाइजेशन शामिल होता है। निगम की टीम को निर्देश दिए गए हैं कि सभी सरकारी व निजी संस्थानों का परीक्षण करें और जहाँ सेटअप नहीं है, वहाँ आवेदन करवाकर तत्काल लगवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जुर्माने के साथ सील करेंगे
जिन भवन, परिसरों में एनओसी अनिवार्य है, उन सभी को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। यदि एनओसी नहीं ली गई तो संबंधितों के खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना न भरने पर भवन, परिसर को सील करने की तैयारी है। – संजय तिवारी, फायर ऑफिसर,नगर निगम सागर







