अपडेट : आजाद चौक में रंग पेंट दुकान में लगी आग पूरी तरह काबू में, आधा दर्जन दमकल वाहनों ने बुझाई आग, आयुक्त तपस्या परिहार स्वयं मौके पर रहीं मौजूद, दुकान का नुकसान लेकिन कोई जनहानि नहीं, देखें vedio

कटनी, यशभारत। आजाद चौक में रंग पेंट की दुकान परमशील ट्रेडर्स में लगी आग पर आधा दर्जन फायर ब्रिगेड वाहनों की मशक्कत और स्थानीय रहवासियों के सहयोग से काबू पा लिया गया है। घटना में हार्डवेयर दुकान का सामान आग के हवाले होने से क्षति हुई है लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। दुकान संचालक मनीष गुप्ता के मुताबिक नुकसान के आंकलन के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। इस घटना में नगर निगम के फायर अमले के साथ कमिश्नर तपस्या परिहार की सक्रियता की सराहना की जा रही है। आयुक्त ने स्वयं मौजूद रहकर फायर अमले को दिशा निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस की टीम और नगर निगम के अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे, जिनकी तत्परता से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। दरअसल आजाद चौक जैसे प्रमुख व्यापारिक इलाके में घनी बसाहट के बीच आग लगने की घटना से पास पड़ोस के लोग सहम गए। जिस दुकान में आग लगी उसकी दूसरी मंजिल में निवास भी बना हुआ है। जबकि इस भवन से सटकर अन्य मकान भी बने हुए हैं, जिन्हें अग्निकांड में खतरा पैदा हो गया।
बताया जाता है कि आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान से उठती ऊंची लपटों तथा धुएं के गुबार को देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। एकादशी होने के कारण बाजार में उस समय काफी भीड़ थी, जिससे स्थिति और भी संवेदनशील हो गई। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों की सांसें थम गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए और घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना रात करीब 9 बजकर 8 मिनट पर फायर ब्रिगेड को मिली। सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। आग की गंभीरता को देखते हुए एक के बाद एक दमकल वाहनों को बुलाया गया। निगम के 6 वाहनों ने पानी का उपयोग कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। जिस दुकान में आग लगी थी, उसके ऊपर मकान था, जिसमें दो सिलेंडर रखे थे। जिससे खतरा ज्यादा था। वही दुकान में बड़े पैमाने पर ऑयल पेंट रखा था। जो आग को बढ़ा रहा था। घटनास्थल पर फायर प्रभारी मृदुल श्रीवास्तव, शैलेंद्र प्यासी सहित निगम का अमला लगातार मोर्चा संभाले रहा। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे सहित पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। निगमायुक्त सहित अन्य अधिकारी आग बुझाने की कार्रवाई और राहत कार्यों की पल-पल की जानकारी लेते रहे। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आयुक्त तपस्या परिहार ने यशभारत से बातचीत में शार्ट सर्किट की आशंका जताई। दुकान में रखे हार्डवेयर और रंग-पेंट के सामान के कारण आग ने भयावह रूप ले लिया। आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन संबंधित जांच और स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद ही हो सकेगा। व्यस्त बाजार में दुकान के ऊपर आवास होने और एकादशी के चलते भारी भीड़ मौजूद रहने के कारण यह घटना बड़े हादसे का रूप ले सकती थी। दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई और अधिकारियों की सतर्कता से आग पर नियंत्रण पा लिया गया। सबसे बड़ी राहत यह रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और कोई जनहानि नहीं हुई।








