मध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

अंधे हत्याकांड का खुलासा : कब्र से निकालकर कराई थी शिनाख्त, गला दबाकर पुल से गहरे पानी में फेंका शव, अब 4 महीने बाद पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपी

दमोह। नरसिंहगढ़ के पास सुनार नदी के किनारे मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में दमोह पुलिस ने करीब चार महीने बाद हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को छतरपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसके शव को सुनार नदी के पुल से नीचे गहरे पानी में फेंक दिया था। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को दमोह देहात थाना क्षेत्र के ग्राम नरसिंहगढ़ के पास सुनार नदी के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभ में मर्ग क्रमांक 126/26 के तहत मामला दर्ज कर महिला की पहचान के प्रयास शुरू किए गए। दमोह सहित आसपास के जिलों में पतासाजी के दौरान जबलपुर के घमापुर थाना क्षेत्र में अर्चना पति मलखान सिंह कोरकू की गुमशुदगी की जानकारी सामने आई। इसके बाद वैधानिक प्रक्रिया के तहत शव का उत्खनन कराया गया और परिजनों से पहचान कराई गई, जिसमें मृतिका की पहचान अर्चना कोरकू के रूप में हुई।

मोबाइल सीडीआर और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग

मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के मोबाइल नंबर की सीडीआर, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य भौतिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में छतरपुर जिले के ग्राम बरेठी निवासी हरिराम उर्फ कल्लू यादव (24) की संलिप्तता सामने आई। हत्या की पुष्टि होने पर थाना दमोह देहात में अपराध क्रमांक 725/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) एवं एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

चार महीने तक तलाश, छतरपुर में दबोचा

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने इनाम घोषित कर विशेष पुलिस टीम गठित की थी। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से 20 नवंबर 2026 को आरोपी हरिराम उर्फ कल्लू को ग्राम बरेठी, थाना बमीठा, जिला छतरपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में पुल से नीचे फेंकने की बात कबूली

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 की रात उसने अर्चना कोरकू का गला दबाकर हत्या की और नरसिंहगढ़ स्थित सुनार नदी के पुल से नीचे गहरे पानी में फेंक दिया था। आरोपी पेशे से ट्रक चालक बताया गया है। पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button