खामोश जंगल, खौफनाक अंत: साढ़े तीन महीने से लापता युवती की तलाश का जंगल में मिला कंकाल, मौत की गुत्थी बरकरार

कपड़ों और चप्पल से परिजनों ने जताई पहचान, डीएनए जांच से खुलेगा राज; गांव से आठ किलोमीटर दूर मिला मानव कंकाल
सतना। करीब साढ़े तीन महीने पहले घर से लापता हुई 26 वर्षीय रानी मवासी की तलाश का एक दर्दनाक मोड़ सामने आया। रैगांव क्षेत्र के ललचहा जंगल में एक मानव कंकाल मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने वहां मिले कपड़ों और चप्पल के आधार पर कंकाल को रानी का बताया है। हालांकि, अभी उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। इसके लिए पुलिस ने वैज्ञानिक जांच का सहारा लिया है।
जानकारी के मुताबिक, चकर गांव निवासी रानी मवासी पिता छकौड़ी 30 जुलाई को घर से निकली थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। परिजन भी अपने स्तर पर लगातार उसे खोज रहे थे। बताया गया है कि रानी चार बहनों में से एक थी और मानसिक रूप से अस्वस्थ थी।
चकर गांव से करीब आठ किलोमीटर दूर ललचहा के जंगल में कंकाल मिलने की जानकारी सामने आई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने कंकाल के आसपास मिले कपड़ों और चप्पल को देखकर रानी के होने की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए सतना भिजवा दिया।
वैज्ञानिक जांच से होगी पहचान की पुष्टि
पुलिस के मुताबिक, केवल कपड़ों और चप्पल के आधार पर कंकाल की पहचान को अंतिम नहीं माना जा सकता। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक विशेषज्ञ इसकी जांच करेंगे। जरूरत के अनुसार डीएनए परीक्षण और अन्य वैज्ञानिक प्रक्रियाओं के जरिए यह स्पष्ट किया जाएगा कि कंकाल रानी मवासी का ही है या नहीं। साथ ही परीक्षण से मौत से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
आठ किलोमीटर दूर जंगल पहुंचने की परिस्थितियां बनीं सवाल
रानी के घर से लापता होने और करीब आठ किलोमीटर दूर जंगल में कंकाल मिलने के बीच की कड़ी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। वह जंगल तक कैसे पहुंची, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस दौरान उसके साथ क्या हुआ, इन सवालों के जवाब अभी जांच के दायरे में हैं। फिलहाल पुलिस वैज्ञानिक परीक्षण की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







