चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया ब्लॉक का प्रदर्शन, राहुल गांधी बोले- ‘वोट चोरी कर लोकतंत्र को हाइजैक किया गया’
नई दिल्ली, यशभारत

नई दिल्ली, यशभारत मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया ब्लॉक के नेताओं और सांसदों ने मंगलवार को दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसद संसद से चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इस दौरान कई सांसदों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी समेत कई विपक्षी सांसद शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दिल्ली स्थित आकाशवाणी परिसर में धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी करीब ढाई घंटे तक परिसर में धरने पर रहे और चुनाव आयोग के कार्यालय जाने की मांग पर अड़े रहे।
धरने के दौरान राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 300 से अधिक विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्त से मिलने के लिए संसद से चुनाव आयोग तक मार्च कर रहे थे। विपक्ष करोड़ों भारतीयों का प्रतिनिधित्व करता है, इसके बावजूद चुनाव आयुक्त उनसे मिलने के लिए तैयार क्यों नहीं हैं।
राहुल गांधी ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को चुनाव आयोग तक जाने से रोका जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि चुनाव आयोग निर्वाचित प्रतिनिधियों से मिलने को तैयार नहीं है तो लोकतंत्र का क्या मतलब रह जाता है। राहुल ने कहा कि वह लोकतंत्र को बचाने के लिए यहां खड़े हैं और उन्हें भाजपा की ओर से दिए जा रहे बयानों में कोई रुचि नहीं है।राहुल गांधी ने अपने आरोपों को दोहराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी के जरिए लोकतंत्र को हाइजैक किया गया है और इसमें चुनाव आयोग की भूमिका रही है। राहुल ने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी और कोई बच नहीं पाएगा।







