झिंझरी पुलिस चौकी क्षेत्र के भटिया मोहल्ले में गांजा बिक्री का आरोप, आक्रोशित लोगों ने घेरा एसपी दफ्तर, जनसुनवाई में लगाई गुहार

कटनी, यशभारत। झिंझरी चौकी क्षेत्र के भटिया मोहल्ले में कथित गांजा बिक्री और आए दिन होने वाले विवादों को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश मंगलवार को सामने आया। मोहल्ले के करीब दो दर्जन महिला-पुरुष शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की जनसुनवाई में पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। दरअसल भटिया मोहल्ले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति मारपीट और विवाद करता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत झिंझरी चौकी में की थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को पकड़ने के बाद छोड़ दिया, जिससे मोहल्ले के लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पिछले चार-पांच वर्षों से क्षेत्र में गांजे की बिक्री हो रही है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। स्थानीय लोगों ने नंद किशोर नामक व्यक्ति पर गांजा बेचने और मोहल्ले के रहवासियों से आए दिन विवाद करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत करने पर भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा। मंगलवार को एसपी जनसुनवाई में पहुंचे महिला-पुरुषों ने पुलिस अधीक्षक से भटिया मोहल्ले में कथित गांजा बिक्री पर रोक लगाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की।






