रेल प्रशासन की कार्रवाई, टे्रन में चेकिंग के दौरान अवैध वेंडिंग का मामला, चल्लापल्ली से दानापुर जा रही टे्रन में जब्त किया 49 पेटी पानी

कटनी, यशभारत। रेल प्रशासन ने चल्लापल्ली से दानापुर जा रही गाड़ी संख्या 07091 में अनधिकृत रूप से बेचे जा रहे अनूपपुर जल की 49 पेटियां जब्त कर दो अवैध वेंडरों को पकड़ कर आरपीएफ के सुपुर्द किया गया है। जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 07091 के कोच एस 8 में अनूपपुर से बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर भारी मात्रा में पानी की पेटियां चढ़ाई गई थीं। इसके बाद कटनी के पास अवैध वेंडर यात्रियों को यह पानी बेच रहे थे। अवैध वेंडिंग की भनक लगते ही वाणिज्य निरीक्षक नावेद सिद्दीकी तथा एसएमसी एच के शुक्ला ने तत्परता दिखाई। अधिकारियों ने बिना समय गंवाए तत्काल सफाई सुपरवाइजर और सफाई मित्रों की टीम को मौके पर भेजा और पूरे मामले की घेराबंदी की। मौके से 49 पेटी पानी की बोतलें जब्त की गईं, जिन्हें बाद में कटनी रेलवे पार्सल विभाग में विधिवत जमा करा दिया गया। ट्रेन में अवैध रूप से बिक्री कर रहे दो वेंडरों को मौके पर ही धर दबोचा गया। पकड़े गए दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई और चालान के लिए आरपीएफ के हवाले कर दिया गया। आरपीएफ ने आरोपियों के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







