मध्यप्रदेश के विकास को मिलेगी गति , 71वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां, किसान कल्याण वर्ष, औद्योगिक विकास और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर दिया जोर

मध्यप्रदेश के विकास को मिलेगी गति
71वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां, किसान कल्याण वर्ष, औद्योगिक विकास और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर दिया जोर
भोपाल ,यश भारत। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश का विकास किसी एक व्यक्ति या विचार की देन नहीं बल्कि यह प्रदेशवासियों के साझा संकल्प परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।

हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि मध्यप्रदेश के निवासी हैं। आज का दिन प्रदेश के सभी नागरिकों श्रमिकों किसानों और उन सभी लोगों के परिश्रम एवं बलिदान को नमन करने का दिन है जिन्होंने प्रदेश के निर्माण और विकास में अपना योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। कृषि से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उन्नत तकनीकों और नवाचारों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है।

प्रदेश के सभी 55 जिलों में एक साथ किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। इनमें प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट और तृतीय पुरस्कार के रूप में स्कूटी प्रदान की जाएगी।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश वर्तमान में देश में दुग्ध उत्पादन के मामले में तीसरे स्थान पर है और हमारा लक्ष्य जल्द ही पहले स्थान पर पहुंचने का है।मुख्यमंत्री ने औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इंदौर उज्जैन भोपाल ग्वालियर जबलपुर और नर्मदापुरम सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इंडस्ट्रियल बेल्ट शुरू किए गए हैं। एक समय प्रदेश की औद्योगिक विकास दर नकारात्मक हुआ करती थी लेकिन अब विभिन्न प्रयासों और उपलब्धियों के आधार पर प्रदेश आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश की उन्नति की गति को और तेज करने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह सौभाग्य की बात है

कि मध्यप्रदेश विधानसभा ने समान नागरिक संहिता (UCC) को पारित करने का काम किया है। साथ ही प्रदेश अपने आसपास के राज्यों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखते हुए विकास के नए सोपान स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री ने सेना के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि आगामी 15 जनवरी को भोपाल में सेना दिवस के अवसर पर अद्भुत आयोजन होगा, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यदि हम सुरक्षित हैं तो इसका श्रेय हमारी सेना के साहस और समर्पण को जाता है। देश की सुरक्षा में सेना की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ तीन बार सीमा पार जाकर की गई सैन्य कार्रवाइयों का उल्लेख करते हुए भारतीय सेना के साहस की बात कही।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के विकास के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। कृषि, उद्योग दुग्ध उत्पादन और अन्य क्षेत्रों में हो रहे प्रयास प्रदेश की प्रगति को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मध्यप्रदेश विकास के नए युग की ओर आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में प्रदेश की उन्नति की गति और तेज होगी।







