
जबलपुर, यश भारत। दुकान के नामांतरण के एवज में रिश्वत मांगने वाले पटवारी को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने गुरुवार को 2 हजार रुपए लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी पटवारी मनोज बघेल आधारताल तहसील के हल्का नंबर-2 में पदस्थ है। उसने नामांतरण के लिए आवेदक से 5 हजार रुपए की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार कटंगी निवासी शरद विश्वकर्मा ने ईओडब्ल्यू जबलपुर में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी मां राधा विश्वकर्मा ने ग्रीन सिटी, माढ़ोताल, जबलपुर में एक दुकान खरीदी थी। दुकान के नामांतरण की प्रक्रिया के लिए पटवारी मनोज बघेल द्वारा 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी।शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की बात सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार 1 अक्टूबर को टीम ने कृषि उपज मंडी, मनमोहन नगर स्थित गायत्री मंदिर के पास कार्रवाई की।
आवेदक द्वारा पटवारी को जैसे ही 2 हजार रुपए दिए गए, ईओडब्ल्यू की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद टीम ने रिश्वत की रकम जब्त कर ली। आरोपी की पहचान 34 वर्षीय मनोज बघेल, पिता कुंवर लाल बघेल के रूप में हुई है।ईओडब्ल्यू ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान टीम ने मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की।







