आठ साल बाद फिर भोपाल की हर्षिता ने एशियन गेम्स में भारत को दिलाया पदक

आठ साल बाद फिर भोपाल की हर्षिता ने एशियन गेम्स में भारत को दिलाया पदक
– शीतल वर्मा के साथ महिला स्किफ में जीता कांस्य, भोपाल के नेहरू नगर से रेसलपुर तक जश्न
भोपाल, यश भारत । मध्यप्रदेश की सेलिंग खिलाड़ी हर्षिता तोमर ने आठ साल बाद एक बार फिर एशियन गेम्स में देश के लिए पदक जीतकर अपनी उपलब्धि दोहराई है। एशियन गेम्स 2026 में हर्षिता ने शीतल वर्मा के साथ महिला स्किफ स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। नौ रेस के बाद भारतीय जोड़ी 24 नेट पॉइंट के साथ तीसरे स्थान पर रही। हर्षिता के पदक जीतने की खबर मिलते ही भोपाल के नेहरू नगर स्थित उनके घर से लेकर नर्मदापुरम के रेसलपुर तक जश्न का माहौल बन गया।
हर्षिता और शीतल ने नौवीं और अंतिम रेस में चौथा स्थान हासिल किया। इसके बावजूद नौ रेस के कुल परिणाम में भारतीय जोड़ी तीसरे स्थान पर रही। चीन की जोड़ी के डिस्क्वालिफाई होने के बाद हर्षिता-शीतल की जोड़ी को कांस्य पदक मिला।
2018 में भी जीता था कांस्य
हर्षिता ने इससे पहले वर्ष 2018 के जकार्ता एशियन गेम्स में भी कांस्य पदक जीता था। उस समय महज 16 साल की उम्र में उन्होंने ओपन लेजर 4.7 सेलिंग स्पर्धा में पदक हासिल किया था। अब आठ साल बाद उन्होंने शीतल वर्मा के साथ महिला स्किफ में कांस्य जीतकर एशियन गेम्स में अपना दूसरा पदक दर्ज कराया है।
भोपाल के नेहरू नगर में बैंड-बाजे के साथ जश्न
हर्षिता की सफलता की खबर लगते ही नेहरू नगर स्थित उनके घर पर खुशी का माहौल बन गया। कॉलोनीवासियों और परिजनों ने बैंड-बाजे के साथ जश्न मनाया। हर्षिता के माता-पिता को माला पहनाकर बधाई दी गई। परिजनों ने नाचकर खुशी जताई और मिठाइयां बांटीं। हर्षिता के गृहग्राम नर्मदापुरम के ग्राम रेसलपुर में भी ग्रामीणों ने पटाखे फोड़कर खुशी मनाई। खेड़ापति माता मंदिर में सामूहिक आरती की गई। हर्षिता नर्मदापुरम जिले की रहने वाली हैं और उन्होंने भोपाल स्थित मध्यप्रदेश वाटर स्पोर्ट्स अकादमी में सेलिंग का प्रशिक्षण लिया है।







