तलैया थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत

तलैया थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत
भोपाल, यश भारत। राजधानी के तलैया थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब मारपीट की शिकायत लेकर एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस तत्काल उसे उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक तौर पर युवक को दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने की बात सामने आ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक मारपीट के एक मामले में शिकायत दर्ज कराने तलैया थाने पहुंचा था और पुलिस से एफआईआर की प्रक्रिया में था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने बिना देरी किए उसे हमीदिया अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के बाद अस्पताल और थाना परिसर में परिजनों व परिचितों की भीड़ जुट गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मौत के असल कारणों की विस्तृत रिपोर्ट प्रतीक्षित है।






