चार इमली में पूर्व मंत्री के बंगले में चोरी का खुलासा: 16 नल की टोंटियां चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

चार इमली में पूर्व मंत्री के बंगले में चोरी का खुलासा: 16 नल की टोंटियां चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार
भोपाल, यश भारत । राजधानी भोपाल के पॉश इलाके चार इमली में पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के बंगले में हुई चोरी की वारदात का हबीबगंज पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई नल की टोंटियां बरामद कर ली हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी बंगले का ताला तोड़कर नहीं, बल्कि दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुआ था। उसने बंगले के चार बाथरूम और किचन से करीब 20 हजार रुपए कीमत की 16 महंगी नल की टोंटियां चुरा ली थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए उसने टोंटियों को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास छिपाकर रख दिया था।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से हबीबगंज पुलिस को सफलता
चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के निर्देशों पर हबीबगंज पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष अहिरवार उर्फ झुमरू के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी संतोष अहिरवार उर्फ झुमरू एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में चोरी, वाहन चोरी और अन्य संगीन अपराधों के 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने शहर में चोरी की दो अन्य घटनाओं को अंजाम देना भी स्वीकार किया है।
फिलहाल हबीबगंज पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है, जिससे कई अन्य खुलासे होने की उम्मीद है।






