जेडीए के संपत्ति विक्रय मेले में उमड़े नागरिक, 330 संपत्तियों में दिखाई रुचि
दो दिन में 5 हजार से अधिक लोगों ने पहुंचकर ली जानकारी,

जबलपुर, यश भारत। जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा गुजराती मंडल भवन में आयोजित दो दिवसीय संपत्ति विक्रय मेले का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित मेले में 5 हजार से अधिक नागरिकों ने पहुंचकर आवासीय, व्यावसायिक एवं शैक्षणिक संपत्तियों की जानकारी प्राप्त की। मेले में कुल 330 संपत्तियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
मेले में एचआईजी ड्यूप्लेक्स, एमआईजी, एलआईजी एवं ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स, आवासीय भूखंड, ऑफिस चैंबर्स, शैक्षणिक भूखंड और बारातघर के लिए व्यावसायिक भूखंड शामिल थे। इच्छुक नागरिकों को संपत्तियों के ले-आउट, स्थल की स्थिति, विक्रय के नियम एवं शर्तों तथा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न बैंकों और वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने ऋण एवं वित्तपोषण संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया।

जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि नागरिकों की भागीदारी प्राधिकरण के प्रति विश्वास को दर्शाती है। हमारा प्रयास है कि समाज के हर वर्ग को बेहतर आवासीय और व्यावसायिक अवसर मिलें। वहीं, उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी ने आयोजन को सफल बताते हुए नागरिकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समापन पर अध्यक्ष संदीप जैन, उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी और सीएईओ विवेक के. व्ही. ने अधिकारियों-कर्मचारियों सहित आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया। प्राधिकरण ने भविष्य में भी संपत्ति क्रय प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।






