Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

हाईवे पर ट्रक चालकों से लूट-डकैती की साजिश नाकाम, तीन आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर, यश भारत। बरगी हाईवे पर खड़े ट्रक और हाईवा को निशाना बनाकर डीजल चोरी करने और विरोध करने पर चालकों से लूट-डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपियों को बरगी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 210 लीटर चोरी का डीजल, स्कॉर्पियो वाहन और वारदात में इस्तेमाल होने वाले लोहे के औजार जब्त किए हैं। गिरोह के दो सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

पुलिस को 7 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मनकेड़ी स्थित सिंचाई विभाग के पुराने खंडहर में पांच लोग बैठकर बरगी हाईवे पर वारदात की योजना बना रहे हैं। बाहर खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो में डीजल से भरी कुप्पियां रखी थीं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर पांचों भागने लगे, लेकिन तीन को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजा अली उर्फ राजा (27), मोहम्मद साहिल (23) और साहिल मंसूरी (18), निवासी रजा चौक हनुमानताल के रूप में हुई है। वहीं रिजवान उर्फ छोटा पठान और शेरू खान मौके से फरार हो गए। स्कॉर्पियो रिजवान की बताई गई है।

पांच-छह ट्रकों से चुराया था डीजल

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 5 और 6 नवंबर की दरम्यानी रात नागपुर-जबलपुर हाईवे पर पांच-छह ट्रकों से डीजल चोरी कर छह कुप्पियों में भरा था। स्कॉर्पियो में रखी 10 कुप्पियों में से छह में करीब 210 लीटर डीजल मिला, जबकि चार खाली थीं। आरोपी उसी रात दोबारा ट्रकों से डीजल चोरी करने और चालकों से लूटपाट करने की तैयारी में थे।

औजार और स्कॉर्पियो जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो, लोहे की सब्बल, दो स्टील पाइप, पेचकस, पाना, छह कुप्पियों में भरा डीजल और चार खाली कुप्पियां जब्त की हैं। तीनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 287, 310(4) और 310(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी नीलेश दोहरे, चौकी प्रभारी अभिषेक पयासी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button