रॉयल्टी पर्ची में कुछ और, वाहनों में लोड मिला ज्यादा खनिज
भड़रा-कौड़िया से स्लीमनाबाद बाईपास तक प्रशासन की दबिश, आधा दर्जन से अधिक वाहन जब्त

रॉयल्टी पर्ची में कुछ और, वाहनों में लोड मिला ज्यादा खनिज
रात 3 बजे खुली ओवरलोडिंग की पोल
भड़रा-कौड़िया से स्लीमनाबाद बाईपास तक प्रशासन की दबिश, आधा दर्जन से अधिक वाहन जब्त

कटनी, यशभारत। खनिज परिवहन के लिए जारी रॉयल्टी पर्ची और वाहनों में लदी खनिज सामग्री की मात्रा में अंतर प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर रहा है। रविवार तड़के करीब 3 बजे राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने अलग-अलग मार्गों पर जांच की तो आधा दर्जन से अधिक वाहन निर्धारित मात्रा से ज्यादा खनिज ले जाते मिले। कार्रवाई में डस्ट, गिट्टी, रेत और डोलोमाइट का परिवहन करने वाले वाहन पकड़े गए।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वायकर के नेतृत्व में टीम ने बड़खेरा के पास भड़रा-कौड़िया मार्ग पर जांच की। यहां रॉयल्टी पर्ची में दर्ज मात्रा से अधिक डस्ट ले जा रहे वाहन पकड़े गए। स्लीमनाबाद बाईपास पर गिट्टी से लदे दो वाहनों में भी यही गड़बड़ी मिली। सुरखी टैंक स्थित माइनिंग चेक पोस्ट के पास रेत और गिट्टी के ओवरलोड वाहन मिले, जबकि देवरी हटाई के पास डोलोमाइट का निर्धारित मात्रा से अधिक परिवहन पकड़ा गया।
जब्त वाहनों को स्लीमनाबाद और एनकेजे थाने की सुपुर्दगी में रखा गया है। इनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जुर्माने की कार्रवाई प्रस्तावित है।
टैग अनिवार्य, निगरानी कितनी प्रभावी?
प्रशासन ने खनिज परिवहन करने वाले वाहनों में आरएफआईडी टैग लगाना अनिवार्य बताते हुए बिना टैग वाहनों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। हालांकि इस कार्रवाई ने एक बड़ा सवाल भी खड़ा किया है कि जब प्रमुख मार्गों पर खनिज परिवहन लगातार होता है, तो ओवरलोडिंग और रॉयल्टी में दर्ज मात्रा से अधिक परिवहन रोकने के लिए नियमित निगरानी कितनी प्रभावी है? प्रशासन ने अब रात्रिकालीन जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।






