पावर हाउस उपकेंद्र की क्षमता दोगुनी, अब 10 एमवीए का ट्रांसफॉर्मर देगा बिजली
इंद्रा मार्केट, ओमती, मुकादमगंज समेत कई क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत

पावर हाउस उपकेंद्र की क्षमता दोगुनी, अब 10 एमवीए का ट्रांसफॉर्मर देगा बिजली
इंद्रा मार्केट, ओमती, मुकादमगंज समेत कई क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
जबलपुर, यशभारत। शहर की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर संभाग पूर्व द्वारा पावर हाउस विद्युत उपकेंद्र में 5 एमवीए क्षमता के पुराने पावर ट्रांसफॉर्मर को हटाकर उसकी जगह 10 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया है। 15 नवंबर को नए ट्रांसफॉर्मर को सफलतापूर्वक चार्ज भी कर दिया गया।ट्रांसफॉर्मर की क्षमता दोगुनी होने से इंद्रा मार्केट, ओमती, मुकादमगंज, गलगला, घोड़ाअस्पताल, भारतीपुर और सर्किट हाउस सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। खासतौर पर गर्मी और अधिक बिजली खपत के दौरान होने वाली ओवरलोडिंग तथा कम वोल्टेज की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।नई व्यवस्था से बार-बार होने वाले बिजली व्यवधान पर भी अंकुश लगेगा और आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा। इसके साथ ही उपकेंद्र की भार वहन क्षमता बढ़ने से भविष्य में बढ़ने वाली बिजली की मांग को पूरा करना भी आसान होगा।नगर संभाग पूर्व के अधिकारियों के अनुसार उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए विद्युत अधोसंरचना को मजबूत बनाने का काम लगातार किया जा रहा है।






