आ अब लौट चलें”: एड्स के 122 छूटे मरीजों को ढूंढकर मुख्यधारा से जोड़ेगा स्वास्थ्य विभाग

यशभारत डिंडोरी ।राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को जिला चिकित्सालय के सभाकक्ष में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डे की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्लीनिकल सर्विसेस ऑफिसर डॉ. राजेश कुमार झारिया, जिला एड्स नोडल अधिकारी डॉ. मनोज कुमार उरैती, डीपीएम विक्रम सिंह ठाकुर सहित समस्त विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, बीसीएम तथा आईसीटीसी केंद्र डिंडौरी एवं समनापुर के परामर्शदाता, लैब टेक्नीशियन एवं ब्लड बैंक स्टाफ उपस्थित रहे।
बैठक में मिशन एड्स सुरक्षा कार्यक्रम एवं सघन जागरूकता अभियान के त्रैमासिक कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। यूएनएसडीजी लक्ष्य 3.3 के अंतर्गत जिले में फर्स्ट-95 में 100.69 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। वहीं सेकंड-95 में 122 तथा थर्ड-95 में 98 हितग्राहियों का अंतर पाया गया। इस पर सीएमएचओ डॉ. मनोज कुमार पाण्डे ने ’’आ अब लौट चलें’’ मुहिम के माध्यम से आगामी एक माह में सभी 122 एलएफयू हितग्राहियों को पुनः खोजकर उनका वायरल लोड परीक्षण कराने तथा आवश्यकतानुसार उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अमले को दिए।
बैठक में सघन जागरूकता अभियान के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय बैठक, ग्रामसभा, फ्लैश मॉब, डोर-टू-डोर गतिविधियों के साथ स्व-सहायता समूहों, स्कूलों एवं महाविद्यालयों में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्धारित गतिविधियों को योजनाबद्ध तरीके से समय-सीमा में पूरा करने तथा जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।







