पनागर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला युवक, जांच में जुटी पुलिस

जबलपुर, यश भारत। पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम परियट जटमा में एक युवक का शव उसके कमरे में फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू कर मामले की जांच में जुट गई। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभिषेक कोल के रूप में हुई है। उसके चाचा संजू कोल ने बताया कि अभिषेक रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। अगली सुबह जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ मिला, इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। कमरे की कम ऊंचाई और युवक की स्थिति को लेकर घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए एवं मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। चिकित्सकों की रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट होने के बाद उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







