सुपरवाइजर पर दुकान-गोदाम से लाखों का सामान चोरी करने का आरोप

सुपरवाइजर पर दुकान-गोदाम से लाखों का सामान चोरी करने का आरोप
जबलपुर, यशभारत। कृषि उपज मंडी स्थित सुधा ट्रेडर्स एवं कंस्ट्रक्शन के संचालक ने अपने करीब 12 साल पुराने सुपरवाइजर रवीन्द्र उर्फ रवि तोमर पर दुकान और गोदाम से लाखों रुपए का सामान चोरी करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के अनुसार रवीन्द्र 15 हजार रुपए मासिक वेतन पर सुपरवाइजर के पद पर काम करता था। लंबे समय से साथ काम करने के कारण उसे उस पर कभी संदेह नहीं हुआ, लेकिन उसके खर्चों को लेकर शक होने पर जानकारी जुटाई गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रवीन्द्र ने उसकी जानकारी के बिना पत्थर की चौखट, धौलपुर पत्थर सहित अन्य निर्माण सामग्री दुकान और गोदाम से निकालकर बेच दी। इसके अलावा निर्माणाधीन साइट से सेंटरिंग, प्लाई, पटिया और बल्लियां भी ले जाकर अपनी निजी साइट पर इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक 7 जुलाई 2026 को सिंघई पंप एवं हार्डवेयर से रवीन्द्र द्वारा शिकायतकर्ता के नाम पर सामान ले जाने की जानकारी मिलने के बाद उससे पूछताछ की गई। आरोप है कि पूछताछ में रवीन्द्र ने सीमा चौधरी और ऑटो चालक मिथलेश मरावी के सामने डुप्लीकेट चाबी बनाकर दुकान व गोदाम से सामान निकालने की बात स्वीकार की। उसने इसमें अपने पिता राम सिंह तोमर, भाई कपिल उर्फ वीरेन्द्र तोमर और अनुज तोमर की मदद का भी उल्लेख किया।शिकायतकर्ता के अनुसार रवीन्द्र ने चोरी किए गए सामान की राशि लौटाने की बात कहकर पुलिस में शिकायत नहीं करने का आग्रह किया था। वह 14 जुलाई तक दुकान पर काम करता रहा, इसके बाद आना बंद कर दिया। फोन करने पर उसके और कथित साथियों के मोबाइल नंबर बंद मिले।दुकान का हिसाब-किताब करने पर वर्ष 2025 से 2026 के बीच करीब 9 लाख रुपए का सामान गायब होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने मामले में रवीन्द्र तोमर सहित अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस जांच के बाद आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।







