नशे में धुत कार चालक ने सिग्नल पर खड़े वाहनों में मारी जोरदार टक्कर, एक बाइक घसीटती ले गई

नशे में धुत कार चालक ने सिग्नल पर खड़े वाहनों में मारी जोरदार टक्कर, एक बाइक घसीटती ले गई
भोपाल, यशभारत। राजधानी में रविवार रात लगभग 11 बजे भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में स्थित दानिश नगर चौराहे पर एक तेज रफ्तार बोलेरो ने भीषण दुर्घटना को अंजाम दिया। नशे में धुत चालक ने ट्रैफिक सिग्नल पर हरी बत्ती का इंतज़ार कर रहे वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीन लोग घायल हो गए और इलाके में अफरातफरी मच गई।
बाइक सवार को घसीटती ले गई कार
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब कार चालक तेज रफ्तार से नर्मदापुरम रोड पर गाड़ी चला रहा था। दानिश नगर चौराहे पर अचानक उसने नियंत्रण खो दिया और सिग्नल पर खड़े वाहनों को टक्कर मारते हुए एक बाइक को अपनी चपेट में लेकर कुछ दूरी तक घसीटता ले गया। इस हादसे में एक कार सवार सहित दो बाइक सवार मामूली रूप से घायल हो गए।
आरोपी गिरफ्तार, कार सरकारी विभाग की निकली
हादसे के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया था, लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना देने पर बागसेवनिया थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कुछ ही दूरी पर नर्मदापुरम रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान निखिल भालेराव (उम्र 24 वर्ष), निवासी बाड़ी बरेली, जिला रायसेन के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शराब के नशे में था। चौंकाने वाली बात यह है कि यह बोलेरो एक सरकारी विभाग में अटैच कॉमर्शियल वाहन है, जिसे आरोपी सर्विसिंग के बहाने भोपाल लाया था।
जांच में शराब पीकर गाड़ी चलाने की पुष्टि होने के बाद, पुलिस ने आरोपी निखिल भालेराव के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और नशे में ड्राइविंग का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। राहत की बात यह रही कि सभी घायलों को मामूली चोटें आईं और वे खतरे से बाहर हैं।







