
जबलपुर, यश भारत। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की 20 सितंबर को होने वाली सहायक नगर नियोजक परीक्षा-2026 और विशेषज्ञ आयुर्वेद परीक्षा-2026 के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की त्रिस्तरीय जांच होगी। इसमें सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, ई-प्रवेश पत्र की स्कैनिंग और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच शामिल है। दोनों परीक्षाएं दोपहर 12 से 3 बजे तक ऑफलाइन पद्धति से एक ही सत्र में आयोजित होंगी। इंदौर संभाग मुख्यालय के पांच परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,624 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें सहायक नगर नियोजक परीक्षा के 1,391 और विशेषज्ञ आयुर्वेद परीक्षा के 233 अभ्यर्थी शामिल हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से कम से कम 90 मिनट पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए हैं। केंद्रों के प्रवेश द्वार के पास अनुमत और प्रतिबंधित वस्तुओं की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर वॉइस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल (VoIP) की व्यवस्था भी रहेगी।अभ्यर्थियों की हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली जाएगी। पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष वीक्षक और महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला वीक्षक निर्धारित कक्ष में करेंगे। ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को महिला या पुरुष कर्मचारी में से किसी एक से जांच कराने का विकल्प दिया जाएगा।







