भोपालमध्य प्रदेश

अरेरा कॉलोनी में अवैध शराब दुकान को लेकर विवाद गहराया रहवासियों ने मानवाधिकार आयोग में लगाई गुहार

अरेरा कॉलोनी में अवैध शराब दुकान को लेकर विवाद गहराया

रहवासियों ने मानवाधिकार आयोग में लगाई गुहार

भोपाल यश भारत । राजधानी भोपाल के अरेरा कॉलोनी क्षेत्र में कथित अवैध शराब दुकान को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय रहवासियों ने इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के समक्ष पुन याचिका दायर कर आबकारी विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए हस्तक्षेप की मांग की है। रहवासियों का आरोप है कि आर्य समाज मंदिर के सामने स्थित एक आवासीय भूखंड पर नियमों के विरुद्ध शराब दुकान संचालित की जा रही है। उनका कहना है कि यह दुकान धार्मिक स्थल से निर्धारित दूरी मानकों का उल्लंघन करते हुए चलाई जा रही है, साथ ही अस्पताल के समीप होने से मरीजों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को लेकर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की निष्क्रियता से अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है और राजस्व के नाम पर आम नागरिकों की भावनाओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि न्यायालय और आयोग के निर्देशों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा है।
रहवासियों के अनुसार संबंधित शराब दुकान का संचालन कथित रूप से निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी जारी है, जो नियमों के उल्लंघन को दर्शाता है। इस पूरे मामले में जिला प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस दुकान को बंद कर अन्यत्र स्थानांतरित नहीं किया गया, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के निर्देशों के पालन की मांग की है।
कांग्रेस पार्टी ने भी इस मुद्दे पर नागरिकों के समर्थन में खड़े रहने की बात कही है और आवश्यक होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button