मध्य प्रदेशराज्य

सागर में 11 मार्च को युवाओं के लिए सजेगा अवसरों का महाकुंभ: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे शिरकत

Table of Contents

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगामी 11 मार्च को सागर प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और प्रशासनिक तैयारियाँ युद्ध स्तर पर जारी हैं। इस गरिमामयी उपस्थिति का मुख्य केंद्र युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए आयोजित होने वाला ‘रोजगार, काउंसिलिंग और करियर गाइडेंस महासंगम’ होगा। प्रदेश सरकार की इस अनूठी पहल के माध्यम से सागर संभाग के हजारों युवाओं को एक ही छत के नीचे करियर की नई दिशा और सीधे रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने ली उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम की भव्यता को सुनिश्चित करने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। मंत्री श्री राजपूत ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों और कंपनियों के समन्वय को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश का युवा अब ‘याचक’ नहीं ‘दाता’ बनने की ओर अग्रसर है। यह आयोजन केवल एक मेला नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को हकीकत में बदलने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

इस भव्य आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता इसकी “सिंगल विंडो” अवधारणा है। यहाँ निजी और सार्वजनिक क्षेत्र की नामी कंपनियाँ शिरकत करेंगी, जिससे युवाओं को सीधे इंटरव्यू और ऑन-द-स्पॉट जॉब ऑफर मिलने का रास्ता साफ होगा। रोजगार के साथ-साथ यहाँ विशेषज्ञों द्वारा मानसिक और प्रोफेशनल मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। विशेषज्ञों के विशेष काउंसिलिंग सत्र आयोजित होंगे, जो युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें कॉर्पोरेट जगत की चुनौतियों के लिए तैयार करने का कार्य करेंगे।

फ्यूचर स्किल्स और आधुनिक तकनीक पर जोर

बदलते वैश्विक परिदृश्य को देखते हुए इस कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस और डिजिटल साक्षरता जैसे उभरते हुए क्षेत्रों पर विशेष फोकस रखा गया है। कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने जानकारी दी कि वर्तमान समय में केवल पारंपरिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है, इसलिए भविष्य की स्किल्स पर पकड़ बनाना अनिवार्य है। आयोजन में जिले के अनुभवी अधिकारियों और मेधावी विद्यार्थियों द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ‘टिप्स और ट्रिक्स’ भी साझा किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान छात्रों को भी समान अवसर मिल सकें।

यह आयोजन इंजीनियरिंग और शोध के विद्यार्थियों के लिए भी एक बड़ा अवसर लेकर आ रहा है। ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने किसी क्षेत्र में नया प्रयोग या नवाचार किया है, उन्हें अपने वर्किंग मॉडल प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस मंच के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिले और डिजिटल खाई को कम कर हर युवा को तकनीक से जोड़ा जा सके। 11 मार्च का यह कार्यक्रम सागर के इतिहास में युवाओं के सशक्तीकरण का एक नया अध्याय लिखेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button