भोपाल में कल खुलेंगे रायशुमारी के लिफाफे, जिला कार्यकारिणी और एल्डरमैन के लिए प्रपत्र में भरे हर नाम पर होगा डिस्कशन, इसके बाद तय होगी फाइनल लिस्ट

कटनी, यशभारत। पर्यवेक्षकों की रायशुमारी के बाद बंद हुए लिफाफे राजधानी भोपाल में कल खुल जाएंगे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक कटनी जिले के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक रमेश भटेरे और सुजीत जैन ने कटनी के विधायकों और अन्य नेताओं से प्रपत्र में नाम भरवाकर लेने के बाद बंद लिफाफे भोपाल जाकर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को सौंप दिए। कल भोपाल में एक एक नाम पर चर्चा होगी। इसके लिए जिलाध्यक्ष को भी बुला लिया गया है। चर्चा के बाद ही कोई भी नाम जिला कार्यकारिणी में शामिल हो सकेगा। यही स्थिति एल्डरमैन के लिए रहेगी।
भाजपा की संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर पर्यवेक्षकों की रायशुमारी का दौर अब पूरा हो चुका है। उल्लेखनीय है कि 18 अगस्त को कटनी आकर दोनों पर्यवेक्षकों ने प्रमुख नेताओं से पहले सामूहिक चर्चा की। इसके बाद उनसे अलग अलग बात की। रायशुमारी के पात्र हर नेता को एक प्रपत्र दिया गया था। इसमें जिला कार्यकारिणी के लिए 10 – 10 नामों के साथ एल्डरमैन और जनभागीदारी समिति के लिए नाम मांगे गए। पूर्व जिलाध्यक्षों, पूर्व विधायकों, पूर्व महापौर के साथ मौजूदा विधायकों ने अपनी पसंद के नाम प्रपत्र में भरकर दिए। इन नामों के लिफाफे लेकर पर्यवेक्षक उसी दिन रात को भोपाल रवाना हो गए और कल 19 अगस्त को लिफाफे सौंप दिए गए। पार्टी ने इस बार नियुक्तियों को लेकर ऊर्जावान और समर्पित कार्यकर्ताओँ के नाम लिए हैं। नामों के पैनल पर कल 21 अगस्त को प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की मौजूदगी में चर्चा होगी। किस नाम को क्यों शामिल किया जाए, या उसे क्यों हटाया जाए, इस पर बात होगी। जिलाध्यक्ष को भी बुला लिया गया है।
इसलिए अपनाया ये फॉर्मूला
दरअसल रायशुमारी का हिस्सा बने लोगों द्वारा उन्हीं लोगों के नाम दिए गए हैं, जो इनके करीबी हैं, इस वजह से संगठन ने एक बार फिर भोपाल में हर नाम पर चर्चा करने का फार्मूला तैयार किया है। यह तय है कि उन्हीं लोगों को जिला कार्यकारिणी में स्थान मिलेगा जो पार्टी के लिए लगातार काम करते रहे हैं। निजी नापसंदगी की जगह सक्रियता देखी जाएगी। दरअसल जमीनी कार्यकर्ताओ को इस बात का डर है कि उनका नाम पैनल में भेजा गया या नहीं, या फिर केवल खास लोगों की पसंद को ही महत्व मिल गया। सूत्र बता रहे हैं कि भोपाल में सारी कवायद करने के बाद अंतिम सूची तैयार होगी और वही जारी होगी। इसी प्रक्रिया से एल्डरमैन के नाम भी निकलेंगे। कटनी नगर निगम में इस बार 10 एल्डरमैन बनाए जाने हैं इसके अलावा महाविद्यालयों में जनभागीदारी समिति के अध्यक्षों की नियुक्तियां होना है। कटनी में इन पदों के लिए सैकड़ों कार्यकर्ता कतार में है। चुनाव के समय कांग्रेस और अन्य दलों को छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले कार्यकर्ता भी दायित्व मिलने के इंतजार में है। इनसे उस समय वादा किया गया था कि उन्हें कोई न कोई जिम्मेदारी दी जाएगी, अब ये लोग अपनी बात संगठन के प्रमुख लोगों के सामने रख रहे हैं।







