लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में लगेंगे 3 ट्रांसफार्मर और बिजली के 74 पोल, करोड़ों के विकास कार्यों से बदलेगी वार्ड की तस्वीर
सड़क, नाली एवं विद्युत अधोसंरचना को मिलेगी नई मजबूती, महापौर ने वार्ड की वरिष्ठ महिला शकुन बर्मन से कराया भूमिपूजन

कटनी, यशभारत। लालबहादुर शास्त्री वार्ड में वार्ड में लगभग 1 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।वार्ड में 60 लाख की लागत से बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने 3 ट्रांसफार्मर और 74 पोल लगाए जाएंगे।
विकास कार्यों का भूमिपूजन समारोह महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सरला संतोष मिश्रा की मौजूदगी में आयोजित किया गया। भूमिपूजन वार्ड की वरिष्ठ महिला श्रीमती शकुन बर्मन ने किया। क्षेत्र में 32.57 लाख रुपये की लागत से शासकीय स्कूल पहरुआ एवं सुभाष तिवारी के मकान से शंकर दुबे के मकान तक आरसीसी नाली निर्माण, 14.68 लाख रुपये की लागत से नंदन कानन गार्डन के बाजू से आरसीसी सड़क निर्माण, 5 लाख 87 हजार रुपये की लागत से गहोई कॉलोनी में नीरज रजक के घर से सीसी नाली निर्माण कार्य शामिल है। विद्युत कार्य पन्नी कॉलोनी, कुठला, पहरुआ क्षेत्र सहित वार्ड के विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। सड़क, नाली एवं विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए उन्होंने कहा की विद्युत पोल ट्रांसफार्मर लगने से अन्य क्षेत्रों को भी मिलेगा लाभ। क्षेत्रवासियों ने वार्ड में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए महापौर श्रीमती सूरी, क्षेत्रीय पार्षद तथा नगर पालिक निगम प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया। नागरिकों ने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से वार्ड की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।








