सागर शराब त्रासदी : पीड़ितों को 3 दिन में मुआवजे का मरहम, 3 गंभीर मरीज भोपाल AIIMS रेफर

सागर, यशभारत l बण्डा क्षेत्र में दूषित शराब के सेवन से हुई दुखद घटना को लेकर प्रदेश सरकार बेहद गंभीर है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) पहुंचकर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की स्थिति का जायजा लिया और स्पष्ट किया कि प्रभावित व मृतक परिवारों को तीन दिन के भीतर मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
बिना संबल कार्ड वालों को भी राहत
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि पीड़ित परिवारों को संकट की इस घड़ी में किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिन प्रभावित परिवारों के पास संबल कार्ड नहीं है, उन्हें भी नियमानुसार मुआवजा देने की व्यवस्था की जाएगी। सरकार पूरी मजबूती से पीड़ितों के साथ खड़ी है।
आंखों में परेशानी, तीन मरीज भोपाल रेफर
निरीक्षण के दौरान तीन मरीजों—सुनील विश्वकर्मा, सुल्तान सिंह और गोविंद अहिरवार की आंखों में गंभीर समस्या होने की जानकारी मिलने पर मंत्री ने तत्काल उन्हें भोपाल AIIMS भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने खुद फोन पर AIIMS के डॉक्टरों से बात कर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
शराब माफिया पर सख्त कार्रवाई, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
पुलिस और प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि शराब माफिया की कमर तोड़ दी गई है। मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अपने 25 साल के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी जुआ, सट्टा या शराब जैसी सामाजिक बुराइयों का समर्थन या संरक्षण नहीं किया है। घटना की समीक्षा के लिए जल्द ही प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली जाएगी।







