स्कूल बस और पिकअप में भिड़ंत : दोनों वाहन चकनाचूर…. मच गया हड़कंप

सागर, यशभारत l जैसीनगर थाना क्षेत्र के तेंदूडाबर गांव के पास सोमवार को स्कूल बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गनीमत रही कि घटना के समय स्कूल बस बच्चों को लेने जा रही थी और खाली थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, जैसीनगर के शासकीय सांदीपनि विद्यालय की बस सोमवार सुबह बच्चों को लेने के लिए सेमरागोपालमन से तेंदूडाबर गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेंदूडाबर गांव के पास मोड़ पर सामने से आ रहे पिकअप वाहन से बस की भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप की रफ्तार तेज थी, जिसके चलते दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर के बाद बस और पिकअप के अगले हिस्से में काफी नुकसान हुआ। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन में सवार तीन अन्य लोग घटनास्थल पर ही मौजूद रहे।
सूचना मिलते ही जैसीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का निरीक्षण कर जांच शुरू की। स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल टैक्स बचाने के लिए कई वाहन सेमरागोपालमन से तेंदूडाबर गांव होकर निकलते हैं। इस मार्ग पर पिकअप सहित अन्य चार पहिया वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। लोगों ने बताया कि इस रास्ते से पिकअप वाहनों में भैंसों का परिवहन भी किया जाता है।
ग्रामीणों ने मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी बढ़ाने और सड़क सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।







