ठंड का टॉर्चर: स्कूलों का नहीं बदला समय, प्रशासन खामोश!

जबलपुर, यशभारत। शहर में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच चुका है। सुबह और देर रात सर्द हवाएं लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रही हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि मौसम के इस बदलते मिजाज के बावजूद स्कूलों के समय में अब तक कोई बदलाव नहीं किया गया है। छोटे-छोटे बच्चों को कड़ाके की ठंड के बीच सुबह 7:30 बजे स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। सवाल यह है कि आखिर प्रशासन को बच्चों की
सेहत की चिंता कब होगी?
हर साल सर्दी बढ़ने के साथ स्कूलों का समय बदलने की मांग उठती है। यह अब एक तरह की परंपरा बन चुकी है कि जब तक अभिभावक और आम नागरिक आवाज नहीं उठाते, तब तक जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जाता। इस बार भी हालात कुछ ऐसे ही नजर आ रहे हैं। तापमान लगातार गिर रहा है, सुबह के समय ठंड का असर सबसे ज्यादा रहता है, लेकिन स्कूलों की दिनचर्या पुराने समय पर ही चल रही है।
सुबह 8 बजे तक सबसे ज्यादा ठंड, छोटे बच्चों के लिए मुश्किल
मौसम की स्थिति पर नजर डालें तो सुबह 8 बजे तक ठंड का असर सबसे अधिक रहता है। इसके बाद धूप निकलने पर तापमान में कुछ राहत मिलती है। ऐसे में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के बच्चों को सुबह जल्दी स्कूल बुलाना उनकी परेशानी बढ़ा सकता है। खासकर छोटे बच्चों को ठंड के कारण सर्दी, खांसी और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा रहता है। अभिभावकों को भी सुबह अंधेरे और ठंड के बीच बच्चों को तैयार कर स्कूल भेजने में परेशानी हो रही है।
शासन के आदेश में भी समय बदलने का प्रावधान
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व में ही निर्देश दिए जा चुके हैं कि अत्यधिक ठंड, गर्मी अथवा अन्य प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों में बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका हो तो स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया जा सकता है। यानी प्रशासन के पास अधिकार भी है और बच्चों के हित में निर्णय लेने का प्रावधान भी, लेकिन जबलपुर में अब तक इस दिशा में पहल नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
मांग उठी, सुबह 9 बजे से लगें स्कूल
बढ़ती ठंड को देखते हुए मांग उठ रही है कि प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे के बजाय 9 बजे किया जाए। इससे बच्चों को सुबह की भीषण ठंड से राहत मिलेगी और उनकी सेहत पर पड़ने वाले संभावित प्रतिकूल प्रभाव को भी कम किया जा सकेगा। अब देखना यह है कि प्रशासन बच्चों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए समय रहते निर्णय लेता है या फिर हर साल की तरह किसी बड़े स्तर पर मांग और दबाव बनने का इंतजार करता है।








