कटनी

करंट लगाकर नर चीतल का शिकार, वन विभाग ने 5 आरोपियों को दबोचा, न्यायालय ने भेजा जेल

कटनी। जिले के बड़वारा वन परिक्षेत्र में वन्यजीवों के शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकारियों ने करंट का जाल बिछाकर एक नर चीतल को मौत के घाट उतार दिया। मामले में वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से शिकार में इस्तेमाल किए गए जीआई तार, हथियार, लेंटाना की खूंटियां और चीतल का मांस बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम
वन विभाग के अनुसार, 20 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि पठरा गौशाला के पास आरएफ-453 की सीमा से लगे राजस्व क्षेत्र में अज्ञात शिकारियों ने करंट फैलाने के लिए तार बिछाए हैं। घटनास्थल के पास एक नर चीतल का शव भी पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम के संभागीय प्रबंधक (कुंडम परियोजना मंडल, जबलपुर) मोहित सूद (IFS) के निर्देशन में बड़वारा परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी पीवेनू गोपाल नायडू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान घटनास्थल से जीआई तार और लेंटाना की खूंटियां बरामद हुईं। आरोपियों तक पहुंचने के लिए शहडोल डॉग स्क्वायड और मुखबिर तंत्र की मदद ली गई, जिसके आधार पर पांच लोगों की संलिप्तता सामने आई।
इन पांच आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
वन विभाग ने मामले में करन सिंह पिता ठाकुर प्रसाद, चैन सिंह पिता दल्ला सिंह, संतोष सिंह पिता ग्यासी, देवा सिंह पिता जगदीश और अशोक कोल पिता नन्हेलाल कोल को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान करन सिंह के कब्जे से एक बंका, 10 सूखी लेंटाना खूंटियां और 60 मीटर जीआई तार बरामद हुआ। चैन सिंह के पास से एक कुल्हाड़ी, 28 लेंटाना खूंटियां और 140 मीटर जीआई तार मिला। वहीं संतोष सिंह के कब्जे से 100 ग्राम पका हुआ चीतल मांस, एक चाकू, 20 लेंटाना खूंटियां और 100 मीटर जीआई तार जब्त किया गया। जबकि देवा सिंह और अशोक कोल पर शिकार तथा मांस काटकर ले जाने में सहयोग करने का आरोप है।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
वन विभाग ने 20 नवंबर को वन अपराध प्रकरण क्रमांक 3384/236/09 दर्ज करते हुए वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2, 9, 16, 39, 50, 51 और 52 के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद सभी पांचों आरोपियों को कटनी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर वन क्षेत्रों में सक्रिय शिकारियों और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन्यजीवों के संरक्षण के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त, सख्त निगरानी और ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button