भोपालमध्यप्रदेश

हाईकोर्ट से हरी झंडी के बाद ऐशबाग जनता क्वार्टर पर गरजा बुलडोजर, 599 जर्जर मकान जमींदोज करने की कार्रवाई शुरू

हाईकोर्ट से हरी झंडी के बाद ऐशबाग जनता क्वार्टर पर गरजा बुलडोजर, 599 जर्जर मकान जमींदोज करने की कार्रवाई शुरू

एक दशक पुराने जर्जर आवासों व अवैध कब्जों पर संयुक्त अमले की दबिश

10 पोकलेन, चार एसडीएम और 10 तहसीलदार तैनात, क्वार्टर नंबर 465 को दो दिन की मोहलत

भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार सुबह से दशकों पुराने जर्जर आवासों को हटाने और अवैध कब्जों पर कार्रवाई के लिए बड़ा ध्वस्तीकरण अभियान शुरू हो गया। हाउसिंग बोर्ड, जिला प्रशासन और पुलिस बल के संयुक्त अमले ने सुबह होते ही मौके पर मोर्चा संभाल लिया। जबलपुर हाईकोर्ट में विशेष सुनवाई के बाद ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने से इनकार किए जाने के अगले ही दिन प्रशासन ने मशीनों के साथ कार्रवाई तेज कर दी है। मौके पर 10 पोकलेन मशीनों के साथ सैकड़ों कर्मचारी जुटे हैं, जबकि कानून-व्यवस्था व निगरानी के लिए चार एसडीएम और 10 तहसीलदार तैनात किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की सड़कों पर बैरिकेडिंग कर यातायात का रास्ता बदला गया है।

एक दशक बाद जमीन पर उतरा ध्वस्तीकरण अभियान

जनता क्वार्टर के करीब 600 मकानों को नगर निगम ने मई 2016 में ही जर्जर और जानलेवा घोषित कर दिया था। इसके बाद वर्ष 2018 में रहवासियों को मकान खाली करने के नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन कानूनी अड़चनों और अन्य कारणों से कार्रवाई कई बार टलती रही। इससे पहले 14 नवंबर को प्रस्तावित ध्वस्तीकरण अभियान पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने और रहवासियों के विरोध के चलते रोकना पड़ा था। उस दौरान हुए विरोध में तीन महिलाओं की तबीयत भी बिगड़ गई थी। इसके बाद 22 नवंबर को रविवार की छुट्टी के दिन जबलपुर हाईकोर्ट में विशेष सुनवाई हुई, जहां कोर्ट ने कार्रवाई पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। न्यायिक स्थिति स्पष्ट होने के बाद सोमवार सुबह मशीनों की कार्रवाई शुरू की गई।

600 में से 110 मूल आवंटी, 490 पर अनधिकृत कब्जे का दावा

हाउसिंग बोर्ड के मुताबिक, जनता क्वार्टर के लगभग 600 आवासों में रहने वालों में केवल 110 लोग ही मूल वैध आवंटी हैं, जबकि शेष करीब 490 मकानों पर अनधिकृत कब्जे होने का दावा किया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किराये की आर्थिक सहायता केवल उन्हीं पात्र वैध आवंटियों को दी जाएगी, जो अपने मकान खाली करने के लिए सहमति पत्र जमा करेंगे। सहमति देने वाले पात्र आवंटियों को मकान खाली करने के बाद कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार किराया प्रदान किया जाएगा।

पुनर्विकास नीति-2022 के तहत बनेंगे आधुनिक बहुमंजिला फ्लैट

ध्वस्तीकरण के बाद इस पूरी जमीन का मध्य प्रदेश पुनर्विकास नीति-2022 के अंतर्गत नए सिरे से विकास किया जाएगा। हाउसिंग बोर्ड की योजना के तहत पुराने और जर्जर ईडब्ल्यूएस आवासों को हटाकर यहां आधुनिक बहुमंजिला आवासीय परिसर तैयार किया जाएगा। प्रस्तावित योजना के अनुसार, पात्र मूल आवंटियों को वर्तमान आवास से 20 प्रतिशत बड़े नए फ्लैट दिए जाएंगे और निर्माण अवधि के दौरान उन्हें किराया भी मिलेगा।

क्वार्टर नंबर 465 को हाईकोर्ट से दो दिन की मोहलत

संपूर्ण क्षेत्र में जारी कार्रवाई के बीच क्वार्टर नंबर 465 के आवंटी मोहम्मद हफीज खान को हाईकोर्ट से दो दिन की राहत मिली है। उनके मामले में याचिकाकर्ता और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी कलेक्टर के साथ बैठक कर किराये की राशि तय करेंगे। इस बैठक और किराया निर्धारण से जुड़ी जानकारी बुधवार को हाईकोर्ट में प्रस्तुत की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button