मोहर्रम : सवारियों की मोहल्लों में गश्त, आज शाम को निकलेगा अली गोल का जुलूस, तैयारियां पूरी

कटनी, यशभारत। पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के नवासे इमाम हुसैन की शहादत के मातमी पर्व मोहर्रम के सातवे दिन कल रविवार की रात सवारियों ने शहर के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों के साथ मोहल्लों में गश्त की। मोहर्रम पर्व को लेकर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में साज-सजावट की गई है। उधर ताजियों का निर्माण अंतिम दौर पर पहुंच गया है। मोहर्रम इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष गुलाम जाफर ने बताया कि आज मोहर्रम की 8 तारीख 24 जून को शाम 6 बजे सभी मोहल्ले से अली गोल उठेगा और दिलावर चौक में एकत्रित होगा। जुलूस का रास्ता दिलावर चौक से नगर निगम रोड से होता हुआ सुभाष चौक से अल्फर्ट गंज गली से मघई मंदिर से निकलता हुआ कमानिया गेट के सामने से होता हुआ कपड़हाई झन्डा बाजार, रूई मंडी के सामने से होता हुआ गांधी द्वार के सामने से होता हुआ पोस्ट आफिस के सामने वाली गली में जाएगा और मुस्लिम गली के अंदर से होता हुआ मीट मार्केट दिलावर चौक आएगा। यहीं पर जुलूस का समापन होगा। कल मोहर्रम की 9 तारीख 25 जून शहादत की रात है।







