कटनी

त्योहारों को लेकर पुलिस एक्टिव, शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस का फ़्लैग मार्च

कटनी, यश भारत। आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए कटनी पुलिस ने आज शहर के विभिन्न मार्गों पर फ्लैग मार्च किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के नेतृत्व में पुलिस ने शहर के विभिन्न मार्गो में पैदल मार्च करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर डीएसपी हेड क्वार्टर रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक शिवा पाठक, कोतवाली टीआई राखी पांडे, माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव, महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर, यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह ठाकुर, उपनिरीक्षक प्रतीक्षा सिंह चंदेल सहित अन्य थाना प्रभारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा। गौरतलब है कि 26 अगस्त को ईद मिलादुन्नबी, 28 अगस्त को रक्षाबंधन एवं 29 अगस्त को कजलियां का पर्व मनाया जाएगा, जिसको देखते हुए पुलिस एक्टिव मोड पर नजर आ रही है। इसी को लेकर आज शाम पुलिस ने पैदल मार्च किया। पैदल मार्च कोतवाली थाना परिसर से शुरू होकर सुभाष चौक, रेलवे स्टेशन, बरही रोड, गर्ग चौराहा, घंटाघर, जुलूस मार्ग, आजाद चौक, मिशन चौक नगर निगम होते हुए वापस कोतवाली परिसर में पहुंचकर समाप्त हुआ।
थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित
आगामी ईद मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों , थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के पालन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया गया। बैठकों में जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों से चर्चा कर आगामी पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई।
बैठकों में विभिन्न वर्गों एवं समाजों के बीच साम्प्रदायिक सौहार्द एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी प्रकार की विवादित गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के संबंध में समझाइश दी गई।

सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर

शांति समिति की बैठकों में उपस्थित सदस्यों एवं आमजन को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप आदि पर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा विवादित पोस्ट/संदेश प्रसारित एवं साझा नहीं करने की हिदायत दी गई।
पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने, भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने अथवा उसे शेयर कर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च त्यौहार के दौरान कानून व्यवस्था एवं आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के कोतवाली थाना क्षेत्रों के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आमजन को शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button