कटनी

ट्रेन में तांडव : आधी रात डकैती, यात्रियों से मारपीट, लमतरा आउटर के पास काशी तमिल संगम एक्सपे्रस में वारदात से सनसनी, विशाखापट्नम से केस डायरी मिलते ही हडक़म्प, 9 आरोपी गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। कटनी जंक्शन के आउटर पर काशी तमिल संगम एक्सपे्रस में डकैती की घटना ने जीआरपी और आरपीएफ की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। आधी रात चलती टे्रन में हुई इस घटना ने पुलिस की गश्त की पोल खोलकर रख दी है। कटनी रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। रेलवे में समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था के निरीक्षण और गश्त के दावे किए जाते हैं लेकिन ऐसी घटनाएं उन व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े करती है। बनारस से कन्याकुमारी जा रही ट्रेन क्रमांक 16368 काशी तमिल संगम एक्सप्रेस में पिछले दिनों हुई वारदात ने यात्रियों में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है, हालांकि पुलिस ने वारदात के आरोपियों को पकडऩे में सफलता प्राप्त की है।
जानकारी के मुताबिक विगत 28 सितंबर की रात कटनी-सतना रेलखंड पर लमतरा आउटर के समीप काशी तमिल संगम एक्सप्रेस के एस-1 कोच सहित अन्य कोचों में हथियारबंद बदमाशों ने यात्रियों को चाकू और हथियार दिखाकर सोने के आभूषण, मोबाइल और नकदी लूट ली। डकैती में 25 से 30 बदमाश वारदात में शामिल थे। ट्रेन करीब 15 मिनट आउटर पर खड़ी रही और इसी दौरान बदमाशों ने बेखौफ होकर कोच में आतंक मचाया। 28 सितंबर की रात करीब 1.30 बजे लमतरा आउटर स्थित आईबीएच रेलवे कार्यालय के पास पासिंग नहीं मिलने के कारण रुकी थी। इसी दौरान बदमाश एस-1, एस-2, एस 5, एस 6 सहित अन्य कोच में घुसे। दक्षिण भारत से बनारस दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जत्था इसी कोच में सफर कर रहा था। महिला और पुरुष यात्रियों को धमकाकर उनसे सामान छीन लिया। इस दौरान उप्पल पति मारुति वेंकटनागालिंगम निवासी वूड़ा कॉलोनी चवाल ग्रांउड तेनाली गुंगटू विशाखापटन का मंगलसूत्र लूट लिया। एक यात्री से अंगूठी, तीन अन्य यात्रियों से मोबाइल और कुछ यात्रियों 20 हजार रुपए नकद लूटे। यात्रियों ने जब हिम्मत जुटाकर विरोध किया तो आरोपी ट्रेन से उतरकर अंधेरे में भाग निकले। वारदात के बाद अफरा-तफरी मच गई। पीडि़त यात्रियों ने जबलपुर पहुंचने के बाद रेल हेल्पलाइन 139 पर शिकायत की। बताया जाता है कि विशाखापट्नम के तेनाली जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज हुई। 4 अक्टूबर को जीरो पर डायरी मिलने के बाद जीआरपी थाना कटनी में अपराध क्रमांक 1364/2026 धारा 61 (1), 109 (1), 310 (2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। डकैती के बाद रेल प्रशासन, आरपीएफ, जीआरपी व स्थानीय पुलिस में हडक़ंप मच गया। आइजी जबलपुर, एएसआरपी, आरपीएफ कमांडेंट सहित अन्य अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया।
एसपी ने बनाई चार टीमें
ट्रेन में लूट की घटना को देखते हुए एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में एएसपी कमल मौर्य, एएससी कटनी अशोक कुमार के नेतृत्व में आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई। टीम क्रमांक एक का नेतृत्व कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, टीम क्रमांक 2 का नेतृत्व कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, टीम क्रमांक 3 का नेतृत्व आरपीएफ पोस्ट कटनी प्रभारी वीरेन्द्र सिंह एवं जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मेरावी एवं टीम क्रमांक 4 का नेतृत्व एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत एवं रंगनाथनगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय ने किया। चारों टीम में थानों के पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जीआरपी एवं आरपीएफ के लगभग 50 अधिकारी कर्मचारी शामिल रहे।
इन आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने टे्रन लूट के मामले में खिरहनी फाटक, आधारकाप, भट्ठा मोहल्ला भ_ा सहित अन्य आपराधिक गतिविधि वाले क्षेत्रों में दबिश देकर 9 संदिग्ध आरोपियों समीर रूपेंद्र पिता राजेश जाटव, निवासी खिरहनी फाटक 21 वर्ष, अनुराग निषाद पिता शिलोम निषाद, निवासी खिरहनी फाटक 21 वर्ष, जय निषाद पिता रमेश निषाद निवासी खिरहनी फाटक 24 वर्ष, अतुल निषाद पिता महेश निषाद निवासी खिरहनी फाटक 25 वर्ष, शिवा निषाद पिता सुनील निषाद निवासी खिरहनी फाटक, 20 वर्ष, दीपक निषाद पिता सतीश निषाद निवासी खिरहनी फाटक, 22 वर्ष, करण निषाद पिता मुन्नीलाल निषाद निवासी खिरहनी फाटक 24 वर्ष, अरुण निषाद पिता परदेशी निषाद निवासी खिरहनी फाटक 20 वर्ष एवं विकास निषाद पिता दिनेश निषाद निवासी खिरहनी फाटक 25 वर्ष को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
कई वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद
हिरासत में लिए गए आरोपियों से 28 सितम्बर को ट्रेन क्रमांक 16368 काशी तमिल संगम एक्सप्रेस में लूट की घटना के साथ ही 21 जुलाई को ट्रेन क्रमांक 18448 एवं 28 जुनाई को स्पेशल ट्रेन क्रमांक 03252 में हुई घटनाओं तथा रेलवे क्षेत्र में घटित अन्य अपराधों के संबंध में भी पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा काशी तमिल संगम एक्सप्रेस में लूट किया जाना स्वीकार किया गया। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी आईसीजेएस के माध्यम से संकलित की जा रही है तथा संबंधित आरोपियों की हिस्ट्रीशीट तैयार करने की कार्रवाई की जा रही है।
30 अन्य अपराधियों की मिली महत्वपूर्ण जानकारी
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा रेलवे क्षेत्र में आपराधिक वारदातों में संलिप्त लगभग 30 अन्य अपराधियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी एवं उनकी भूमिका के संबंध में पुलिस टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

10

11 17

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button