मुरूम का अवैध परिवहन करते हाईवा जब्त, उमरियापान पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान की कार्रवाई

कटनी, यशभारत। खनिज माफियाओं के विरुद्ध पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में उमरियापान पुलिस ने अवैध रूप से मुरूम का परिवहन कर रहे एक हाईवा को जब्त कर कार्रवाई की है। उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने बताया कि ग्राम परसेल में देवी जागरण कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था डियूटी पर तैनात पुलिस टीम ने खेरमाई मंदिर के सामने एक संदिग्ध हाईवा क्रमांक एमपी 20 एच 4832 को रोका। वाहन मुरूम से पूरी तरह लदा हुआ था। पुलिस ने जब चालक अजय लोधी निवासी ग्राम बरौदा से मुरूम परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और रॉयल्टी रसीद की मांग की तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। ऑनलाइन पोर्टल पर भी वाहन की कोई वैध टीपी नहीं पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी द्वारा अवैध परिवहन पाए जाने पर हाईवा को जब्त कर धारा 106 बीएनएस के तहत पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने मामले को आगामी कार्यवाही और भारी जुर्माना अधिरोपित करने हेतु कलेक्टर कार्यालय खनिज विभाग को भेज दिया है।






