बड़ी खबर : बोर से मोटर निकालने उतरे पिता-पुत्र की मौत, अंदर फंसने से दम घुटने की आशंका

( पवई से राकेश सोनी )
कटनी, यशभारत। कटनी से सटे पवई थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुरा में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे बोर से मोटर निकालने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मोटर निकालने के प्रयास में पहले पुत्र करीब 15 फीट गहरे बोर में जा गिरा। उसे बचाने के लिए पिता भी बोर में उतर गए, लेकिन दोनों ही अंदर फंस गए। काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बोर के अंदर ऑक्सीजन की कमी होने से दम घुटने के कारण दोनों की जान गई। जानकारी के अनुसार ग्राम नारायणपुरा निवासी अटलराम पिता उजागर, उम्र 26 वर्ष, अपने 60 वर्षीय पिता उजागर पिता बारे लाल के साथ निजी बोर से मोटर बाहर निकालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मोटर निकालते समय अचानक अटलराम करीब 15 फीट गहरे बोर में गिर गया। बेटे को बोर में गिरा देखकर पिता उजागर उसे बचाने के लिए तत्काल बोर के अंदर उतर गए। बताया जा रहा है कि बोर के अंदर जाने के बाद दोनों बाहर नहीं निकल सके और अंदर ही फंस गए। ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बोर से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
बोर के अंदर ऑक्सीजन की कमी की आशंका
हादसे के बाद प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि बोर के अंदर पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं होने के कारण दोनों की दम घुटने से मौत हुई। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। बोर की गहराई और अंदर की स्थिति के कारण बचाव कार्य भी चुनौतीपूर्ण रहा।
बेटे को बचाने पिता भी उतर गए
हादसे में सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि बेटे को बोर में गिरा देख पिता ने उसकी जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की और स्वयं बोर में उतर गए। लेकिन दुर्भाग्य से दोनों ही बोर से बाहर नहीं निकल सके। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे के बाद ग्रामीणों ने खुले और गहरे बोरों में मोटर निकालने या अन्य काम करने के दौरान सुरक्षा के इंतजामों को लेकर भी चिंता जताई है।








