पिकनिक मनाने गए 9 युवा नदी के टापू पर फंसे, SDRF ने देर रात सुरक्षित निकाला

सागर यशभारत l जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल आपचंद गुफा के समीप पिकनिक मनाने गए सागर शहर के नौ युवक-युवतियां नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से हादसे का शिकार होते-होते बच गए। नदी के बीच बने टापू पर फंसे सभी युवाओं को पुलिस और SDRF की टीम ने देर रात चले कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सागर शहर से युवक-युवतियों का एक दल सानौधा थाना क्षेत्र स्थित आपचंद गुफा घूमने पहुंचा था। सभी लोग नदी के समीप घूम रहे थे, तभी अचानक नदी में पानी का बहाव और जलस्तर तेजी से बढ़ गया। जब तक युवा संभल पाते, चारों तरफ पानी भर जाने के कारण वे नदी के बीच टापू पर घिर गए।
अंधेरे और तेज बहाव के बीच चला ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही सानौधा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। रात का अंधेरा और नदी का तेज बहाव होने के कारण स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू करना संभव नहीं था, जिसके बाद SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम को बुलाया गया। SDRF के जवानों ने बोट और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से भारी मशक्कत के बाद एक-एक कर सभी 9 युवाओं को सुरक्षित किनारे पहुंचाया।
विधायक गोपाल भार्गव ने लिया जायजा
हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्य की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। समय रहते बचाव दल की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। रेस्क्यू किए गए सभी युवा पूरी तरह सुरक्षित हैं।







