जिले के शिक्षा विभाग में रातोंरात बड़ा खेल, मंत्री के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेना भारी पड़ा डीईओ को डीपीआई ने मरावी को हटाकर अग्रहरि को सौंपा प्रभार

कटनी, यशभारत। जिले के शिक्षा विभाग में रातोंरात बड़ा खेल हो गया है। यहां पदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी श्याम सिंह को मरावी को हटा दिया गया है। यह आदेश लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल आयुक्त शिल्पा गुप्ता ने गुरूवार की देर शाम जारी किए। श्री मरावी के स्थान पर जिला शिक्षा कार्यालय में पदस्थ प्रभारी सहायक संचालक (मूलपद प्राचार्य) राजेश अग्रहरि को अपने कार्य के साथ जिला शिक्षा अधिकारी कटनी का प्रभार अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक सौंपा गया है। शिक्षा विभाग में व्याप्त चर्चाओं पर विश्वास करें तो प्रदेश सरकार के एक वजनदार मंत्री के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेना जिला शिक्षा अधिकारी श्याम सिंह को मरावी भारी पड़ गया। सूत्रों के मुताबिक कैबिनेट मंत्री के पीए द्वारा किसी शिक्षिका के तबादले को लेकर डीईओ मरावी को निर्देशित किया गया था, लेकिन इसके बाद भी जब डीईओ ने उस पर कोई एक्शन नहीं लिया, तब मंत्री ने इस मामले को लेकर नाराजगी जताई और उसका नतीजा यह हुआ कि शाम होते-होते डीपीआई ने श्री मरावी को हटाते हुए राजेश अग्रहरि को प्रभार सौंप दिया।
अग्रहरि पहले से पोस्टेड
यह भी बताया जाता है कि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्राचार्य राजेश अग्रहरि पहले से ही जिला शिक्षा विभाग में प्रभारी सहायक संचालक बतौर काम कर रहे थे। कुछ दिन पहले उन्हें ढीमरखेड़ा बीईओ का भी प्रभार दिया गया था। संभवत: इसी वजह से डीपीआई ने उन्हें इस पद का प्रभार सौंप दिया।
सीनियरों की अनदेखी
प्रभारी सहायक संचालक (मूल पद प्राचार्य) राजेश अग्रहरि को डीईओ का प्रभार सौंपे जाने के बाद डीपीआई के निर्देशों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कल शाम हुए इस घटनाक्रम को लेकर इस तरह की चर्चाएं व्याप्त है कि प्रभारी सहायक संचालक राजेश अग्रहरि जूनियर हैं और करीब आधा दर्जन से ज्यादा प्राचार्य ऐसे हैं, जो उनसे सीनियर है। उन्हें भी डीईओ का प्रभार दिया जा सकता था।







